सेक्टर-61 से 28 तक महाराजा अग्रसेन मार्ग पर बने एलिवेटेड रोड का बुधवार को उद्घाटन हो गया, लेकिन मंगलवार रात को सपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अनिल यादव ने एलिवेटेड रोड पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पोस्टर लगाकर उन्हें धन्यवाद दे दिया।
(सभी फोटो: लाल सिंह/अमर उजाला, नोएडा)
इसमें कहा गया कि जाम से लोगों का छुटकारा दिलाने का काम सपा ने किया। इसकी भनक भाजपा व प्राधिकरण को रात में तो नहीं लगी, लेकिन जैसे ही सुबह हुई तो जगह-जगह लगे पोस्टर लगे देख होश उड़ गए।
अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल पोस्टर हटा दिए गए। इस संबंध में अनिल यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपने 100 दिन के कामों को गिना रही है। कोई नई योजना नहीं लाई गई।
अखिलेश सरकार ने जो काम कराए थे, उन्हीं का उद्घाटन किया जा रहा है। जबकि एलिवेटेड रोड सेक्टर-61 से एनटीपीसी तक तो पहले ही चालू हो चुका है। दोबारा उद्घाटन की जरूरत ही नहीं थी। नोएडा में नारी निकेतन, मेट्रो प्रोजेक्ट आदि सपा सरकार ने पूरे कराए थे, आगे भी भाजपा श्रेय लेने का प्रयास करेगी।
सपा ने कराया विकास: प्रदेश सरकार हो या प्राधिकरण, जितने भी विकास के कार्य अखिलेश यादव ने कराए थे, उन्हीं को अब भाजपा अपना बता रही है। जबकि सरकार बने 100 दिन हो चुके हैं, प्राधिकरण ने किसी भी नए प्रोजेक्ट के बारे में कोई योजना नहीं बनाई। बल्कि पुराने प्रोजेक्ट रोके जा रहे हैं। विकास अगर सपा ने कराया है तो भाजपा को स्वीकार करना चाहिए।- सुरेंद्र सिंह नागर, राज्य सभा सांसद व सपा के राष्ट्रीय महासचिव