{"_id":"6af8d4cff10f1602770c003a","slug":"snowfall-in-the-mountains-has-intensified-the-cold-rain-is-expected-today-in-delhi-punjab-and-haryana-2026-11-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"मौसम: पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, दिल्ली समेत पंजाब और हरियाणा में आज बारिश के आसार; अगले 72 घंटे अहम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मौसम: पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, दिल्ली समेत पंजाब और हरियाणा में आज बारिश के आसार; अगले 72 घंटे अहम
Sun, 15 Nov 2026 03:08 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 15 Nov 2026 03:08 AM IST
सार
बंगाल की खाड़ी में सोमवार की शाम तक एक और चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से ओडिशा के तटीय इलाकों में आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को पश्चिमी हिमालयी पहाड़ियों पर बर्फबारी और दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। इससे उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी। उधर, बंगाल की खाड़ी में सोमवार की शाम तक एक और चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से ओडिशा के तटीय इलाकों में आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है।
विज्ञापन
भारत मौमस विज्ञान विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। दिल्ली सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कल बहुत हल्की बारिश संभव है।
विज्ञापन
इस प्रणाली के आगे बढ़ने के बाद, 16 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। फिलहाल तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है। एजेंसी
विज्ञापन
अगले 72 घंटे अहम
मौसम प्रणाली का तेजी से मजबूत होना बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है। फिलहाल तूफान के संभावित तट से टकराने के स्थान या उसकी अधिकतम गति को लेकर कोई निश्चित पूर्वानुमान नहीं है। ऐसे में तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों के लिए मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी होगा।
बंगाल की खाड़ी पर निम्न दबाव का क्षेत्र, चक्रवाती तूफान में कल बदलेगा
वहीं, आईएमडी ने शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटों के भीतर एक अवदाब (डिप्रेशन) में तब्दील होने और सोमवार (16 नवंबर) की शाम तक आगे बढ़कर एक चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि इस मौसमी प्रणाली के असर से 18 नवंबर तक तटीय ओडिशा के जिलों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, 18 नवंबर को गंजम, गजपति, पुरी और खोरधा जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर में तापमान में गिरावट
जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजोरी जिले को कश्मीर से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड पर शनिवार को वाहनों की आवाजाही घंटों बाधित रही। बर्फबारी के बाद तापमान में भारी गिरावट से पाला जम गया था। इससे मार्ग पर भारी फिसलन हो गई और कई वाहन बीच सड़क में फंस गए। वाहन चालकों और यात्रियों को भारी ठंड में वाहनों में बंद रहने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। बीआरओ और यातायात पुलिस ने मार्ग पर यातायात बहाल करने के लिए कड़े प्रयास किए। उन्होंने फिसलन के कारण फंसे वाहनों को निकाला।
हरियाणा के कई जिलों में हुई बारिश
कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा में शनिवार को बादलों की आवाजाही के साथ फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक और पानीपत में छिटपुट बूंदाबांदी हुई। रविवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। प्रदेश के 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि इस मौसम प्रणाली का असर 16 नवंबर तक आंशिक तौर पर देखने को मिलेगा। राजस्थान से सटे हरियाणा के पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ में इसका असर रहेगा।
