Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Delhi: AIIMS makes history by performing surgery on a baby's spine while still in the womb

दिल्ली: एम्स ने रचा इतिहास, गर्भ में ही बच्चे की रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन; 25वें सप्ताह में छह घंटे चली सर्जरी

Sun, 15 Nov 2026 02:43 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Sun, 15 Nov 2026 02:43 AM IST
सार

12 नवंबर को हुए इस ऑपरेशन का उद्देश्य जन्म से पहले ही बच्चे की रीढ़ की नसों को आगे होने वाले नुकसान से बचाना और भविष्य में गंभीर शारीरिक व न्यूरोलॉजिकल जटिलताओं का खतरा कम करना था।

विज्ञापन
Delhi: AIIMS makes history by performing surgery on a baby's spine while still in the womb
सफल सर्जरी में शामिल टीम। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

देश में चिकित्सा विज्ञान ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। एम्स, नई दिल्ली के डॉक्टरों ने गर्भ में पल रहे 25 सप्ताह के शिशु की रीढ़ की हड्डी की गंभीर जन्मजात बीमारी का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया है। भारत में पहली बार इस तरह की ओपन फीटल सर्जरी की गई है। 12 नवंबर को हुए इस ऑपरेशन का उद्देश्य जन्म से पहले ही बच्चे की रीढ़ की नसों को आगे होने वाले नुकसान से बचाना और भविष्य में गंभीर शारीरिक व न्यूरोलॉजिकल जटिलताओं का खतरा कम करना था।

विज्ञापन


करीब छह घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी में गर्भस्थ शिशु की रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से में मौजूद जन्मजात दोष को ठीक किया गया। चिकित्सा विज्ञान में इसे मायलोमेनिंगोसेले कहा जाता है। यह स्पाइना बिफिडा का गंभीर रूप है। इसमें रीढ़ की हड्डी और उसे सुरक्षित रखने वाली झिल्लियां पूरी तरह बंद नहीं हो पातीं और बाहर की ओर उभर आती हैं। इससे बच्चे को लकवा, चलने-फिरने में परेशानी और अन्य गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं।
विज्ञापन


डॉक्टरों के मुताबिक, यह सर्जरी बीमारी का पूर्ण इलाज नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बच्चे की नसों को आगे होने वाले नुकसान से बचाना और कुछ गंभीर जटिलताओं की आशंका कम करना है। जन्म के बाद भी बच्चे को नियमित चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पांच सप्ताह से अधिक समय तक विशेषज्ञों के टीम ने की तैयारी
इस सर्जरी की तैयारी के लिए डॉक्टरों की कई विशेषज्ञ टीमों ने पांच सप्ताह से अधिक समय तक काम किया। ऑपरेशन में न्यूरोसर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी और नवजात शिशु रोग विभाग के 30 से अधिक डॉक्टरों और नर्सों ने हिस्सा लिया। न्यूरोसर्जरी टीम का नेतृत्व प्रो. डॉ. दीपक गुप्ता ने किया, जबकि मातृ एवं भ्रूण चिकित्सा टीम की अगुवाई प्रो. नीना मल्होत्रा और प्रो. के. अपर्णा शर्मा ने की।

गर्भ में सर्जरी बेहद जटिल प्रक्रिया
गर्भ में सर्जरी करना बेहद जटिल प्रक्रिया है। इसमें समय से पहले प्रसव और गर्भाशय में ऑपरेशन के निशान से जुड़ी जटिलताओं का खतरा रहता है। इसलिए ऐसी सर्जरी केवल चुनिंदा मामलों में विशेष चिकित्सा सुविधाओं वाले अस्पतालों में की जाती है। फिलहाल एम्स की विशेषज्ञ टीम मां और गर्भस्थ बच्चे की सेहत पर लगातार नजर रख रही है। प्रसव के बाद भी दोनों को विशेषज्ञों की निगरानी में रखा जाएगा।

14 साल पहले शुरू हुई थी पहल
एम्स प्रशासन के अनुसार, यह पूरी सर्जरी केंद्र सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके) के तहत निशुल्क की गई। संस्थान में करीब 14 साल पहले गर्भस्थ शिशु की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की सुविधा शुरू करने की योजना पर चर्चा हुई थी। लंबे समय की तैयारी और विभिन्न विभागों के समन्वय से अब यह उपलब्धि हासिल हुई है।

पर्याप्त फोलिक एसिड लेने से न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट का खतरा कम होता है
डॉक्टरों के मुताबिक महिलाओं को गर्भधारण की योजना बनाने से पहले फोलिक एसिड लेना और जागरूकता इस समस्या से बचा सकता है। गर्भावस्था के शुरुआती दिनों में ही भ्रूण की रीढ़ की हड्डी और तंत्रिका तंत्र का विकास शुरू हो जाता है। ऐसे में गर्भधारण से पहले और शुरुआती गर्भावस्था में पर्याप्त फोलिक एसिड लेने से न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट का खतरा कम करने में मदद मिलती है।


हम चुनिंदा मामलों में गर्भावस्था के 24 से 26 सप्ताह के बीच गर्भस्थ शिशु की सर्जरी करते हैं। इसमें पहले मां के गर्भाशय को सावधानीपूर्वक खोलते हैं। इसके बाद हम बच्चे की रीढ़ की हड्डी में मौजूद दोष को ठीक कर परत-दर-परत बंद करते हैं। सर्जरी पूरी होने पर गर्भाशय को दोबारा बंद कर दिया जाता है। इसके बाद हम मां और बच्चे की लगातार निगरानी करते हैं, ताकि किसी भी जटिलता का समय पर उपचार किया जा सके।
-प्रो. डॉ. दीपक गुप्ता, न्यूरोसर्जन, एम्स

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed