दिल्ली में सांसों पर संकट: केंद्र सख्त, वायु प्रदूषण कम नहीं हुआ तो अफसरों पर दर्ज होगा केस; दिया यह निर्देश
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार को दिल्ली समेत एनसीआर राज्यों के पर्यावरण सचिवों, राज्यों के मंत्रियों, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अधिकारियों के साथ प्रदूषण कम करने के उपायों पर मंथन किया।
विस्तार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सांसों पर गहराए संकट के बीच केंद्र सरकार ने चेतावनी दी है कि वायु प्रदूषण कम नहीं हुआ, तो जिम्मेदार अफसरों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। नोटिस जारी कर आपराधिक मामले दर्ज होंगे। दिल्ली-एनसीआर की हवा शनिवार को भी बहुत खराब श्रेणी में रही।
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार को दिल्ली समेत एनसीआर राज्यों के पर्यावरण सचिवों, राज्यों के मंत्रियों, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अधिकारियों के साथ प्रदूषण कम करने के उपायों पर मंथन किया। साफ कहा कि केवल योजनाएं बनाने से काम नहीं चलेगा। जमीन पर सख्त, समयबद्ध व समन्वित कार्रवाई करनी होगी। एकीकृत कमान-नियंत्रण केंद्रों के जरिये वास्तविक समय में निगरानी व उल्लंघन के लिए फील्ड अधिकारियों की सीधी जवाबदेही पर जोर दिया। साफ कहा कि 30 नवंबर तक एएनपीआर कैमरे नहीं लगे तो आपराधिक केस दर्ज होगा।
प्रदूषण कम करने के ये निर्देश
- 191 प्रदूषणकारी औद्योगिक इकाइयां सील करने का निर्देश...कारण बताओ नोटिस के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण उपकरण नहीं लगाए।
- पुराने वाहनों की निगरानी के लिए स्वचालित नंबर प्लेट पंजीकरण प्रणाली लगाने में विफल रहने वाले परिवहन विभाग के अफसरों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज होगा
- हरियाणा के 7, यूपी-राजस्थान के 4-4 शहरों में प्रदूषण नियंत्रण उपायों की निगरानी के लिए सचिव स्तर के अधिकारी नािमत होंगे। उपायों के उल्लंघन पर यही जवाबदेह होंगे। प्रदूषण के प्रमुख केंद्रों की नियमित समीक्षा करेंगे।
प्रदूषण से जुड़ी बीमारियों के बीमा क्लेम 3 साल में 4.3 गुना बढ़े
नई दिल्ली। वायु प्रदूषण का असर सेहत के साथ जेब पर भी पड़ रहा है। प्रदूषण से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए स्वास्थ्य बीमा के दावों में तीन साल में 4.3 गुना बढ़ोतरी हुई है। इनमें दिल और सांस संबंधी बीमारियों के मामले सर्वाधिक हैं।
- बीमा बाजार से जुड़े प्लेटफॉर्म के अनुसार, 2023 से 2026 के बीच बीमा भुगतान में भी 4.5 गुना बढ़ोतरी हुई। कुल दावों में 31 से 55 साल के 59% है, जबकि 55 साल से अधिक उम्र वालों की हिस्सेदारी 31% है।
56 केंद्रों पर एक्यूआई 300 पार आईआईटी दिल्ली सबसे प्रदूषित
दिल्ली में शनिवार को दिन बीतने के साथ हवा और खराब होती गई। औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 367 पहुंच गया है और शहर के लगभग सभी मुख्य इलाके बहुत खराब से गंभीर श्रेणी की ओर बढ़ रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 59 निगरानी केंद्रों में से 56 स्टेशनों का एक्यूआई 300 से ऊपर है। यानी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हवा का स्तर बहुत खराब है।
- सुबह नौ बजे राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 348 था, जो रात आठ बजे बढ़कर 367 पहुंच गया। इस दौरान एक्यूआई में 19 अंकों की बढ़ोतरी हुई। सुबह शहर के सात निगरानी केंद्र गंभीर श्रेणी में थे, लेकिन रात तक ऐसे केंद्रों की संख्या बढ़कर 16 हो गई। सभी 59 निगरानी केंद्रों में से 16 केंद्रों पर हवा गंभीर और 40 केंद्रों पर बहुत खराब श्रेणी में रही।
शहर में सबसे अधिक एक्यूआई आईआईटी दिल्ली में 441 दर्ज किया गया। इसके बाद उत्तर परिसर में 434, एनआईएच नरेला में 430, आईटीओ और पूसा के आईआईटीएम केंद्र में 429-429 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 425 एक्यूआई रहा।
कैंटोनमेंट में सबसे कम प्रदूषण
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर काफी अलग रहा। कैंटोनमेंट क्षेत्र में सबसे कम 179 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके बाद नजफगढ़ में 280 और आईएमडी लोधी रोड में 294 एक्यूआई रहा। हालांकि, कैंटोनमेंट को छोड़कर इन दोनों केंद्रों पर भी हवा खराब श्रेणी में थी। शहर के 59 निगरानी केंद्रों पर मिले आंकड़ों में पीएम 2.5 सबसे प्रमुख प्रदूषक रहा। 51 केंद्रों पर पीएम 2.5 और आठ केंद्रों पर पीएम 10 प्रमुख प्रदूषक के रूप में दर्ज किया गया।
प्रदूषण से राहत के आसार नहीं छह दिन हवा रहेगी बेहद खराब
राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। रविवार को भी वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है।शनिवार रात दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 367 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों तक हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी रह सकती है। दोपहर में उत्तर दिशा से हवा 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। शाम को इसकी गति कम हो सकती है।
- मौसम विभाग के अनुसार, प्रदूषकों के फैलाव के लिए अधिकतम मिश्रण ऊंचाई 1500 मीटर रहने के आसार हैं, जो शनिवार के अनुमान से कम है। इससे प्रदूषण का प्रभाव बना रह सकता है।
