चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामले के आरोपी विकास बराला और उसके साथी को आज कोर्ट में पेश किया गया। मिनट दर मिनट की रिपोर्ट में देखिए आज क्या-क्या हुआ।
हाईप्रोफाइल छेड़खानी प्रकरण के आरोपी विकास बराला और उसके दोस्त आशीष कुमार को पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था में वीरवार को जिला अदालत में पेश किया। सरकारी वकील ने घटना को दोबारा सीन रिक्रिएट कराने और युवती के अपहरण का मकसद जानने के लिए दोनों का दो दिन का रिमांड मांगा। बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद एसीजेएम कोर्ट ने दोनों को दो-दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
इससे पहले सरकारी वकील रविंद्र खताना ने अदालत में कहा कि दोनों आरोपियों से पुलिस को पूछताछ करनी है। दोनों से मकसद और अपराध का कारण जानना है। इसके अलावा अपराध के सीन को रिक्रिएट करवाना है, पीछा करने और अपहरण के प्रयास का कारण जानना है।
इसके अलावा पुलिस को यह भी पता करना है कि पीड़िता को कैसे जानते थे और अपराध करने के पीछे क्या इरादा था। वहीं पुलिस को दोनों का पिछला आपराधिक रिकार्ड भी पता करना है। कहीं वह पहले भी किसी अपराध में शामिल तो नहीं रहे हैं।
बचाव पक्ष के वकील सूर्य प्रकाश गर्ग ने सरकारी वकील की दलील पर पुलिस रिमांड का विरोध किया। उन्होंने कहा कि आरोपी पहले दिन से पुलिस की जांच में शामिल रहे हैं। दोनों को थाने से ही जमानत मिल गई थी। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को दोनों को पुलिस जांच के लिए बुलाया था और जांच के बाद दोनों के खिलाफ 365 और 511 धाराएं जोड़ कर उन्हें थाने से ही गिरफ्तार कर लिया।