भाई-बहनों के साथ तीज का त्योहार मनाने गई थीं, लेकिन सोचा न था कि मौत मिलेगी और वो भी इतनी दर्दनाक। हादसे की तस्वीरें, मजबूत दिल वाले ही देख पाएंगे।
हादसा हरियाणा के अंबाला कैंट में हुआ। रविवार देर शाम तीज मेले में झूले से गिरकर 2 युवतियों की मौत हो गई। हादसे के बाद झूले का संचालक फरार हो गया। हादसा हाथी खाना कैलाश मंदिर के नजदीक लगे मेले में हुआ। जो ट्रॉली टूटकर गिरी उसमें एक और लड़की सवार थी, जिसे बचा लिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक चचेरी बहनें हैं। एक छात्रा है और एक प्राइवेट अस्पताल में काम करती है।
जानकारी के अनुसार, हाथीखाना कैलाश मंदिर में तीज महोत्सव के तहत मेला लगाया गया था। मेले में झूला भी लगा था। अंजलि (18) व दीपू (25) परिवार के साथ मेला घूमने आए थे। सभी झूला झूलने लग गए थे। अंजलि व दीपू झूले की एक ट्राली में बैठी थीं, जबकि उनके साथ कविता भी सवार थी। सभी ट्रालियों पर लोग बैठे थे, जबकि कुछ खाली थी। इसी दौरान जिस ट्राली में उक्त तीनों सवार थी, वह ट्राली हिचकोले खाने लगी।
देखते ही देखते पलट गई और ट्राली से अंजलि व दीपू तो सिर के बल जमीन पर आ गिरीं, जबकि कविता को यह झूला रोक कर किसी तरह से बचा लिया गया। हादसे के बाद अफरा तफरी फैल गई और दोनों छात्राओं को अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल लाया गया। यहां पर डाक्टरों ने दोनों को चेक किया और मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि एक युवती का पिता भाजपा का कार्यकर्ता है। हादसे की सूचना लगते ही स्वास्थ्य मंत्री सिविल अस्पताल पहुंचे हादसे की जानकारी ली।
इस मामले में अभी कार्रवाई की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई होगी।
- विजय कुमार, एसएचओ कैंट थाना