आपने इंसानों और जानवरों के अस्पतालों और एंबुलेंस के बारे में सुना और देखा होगा। लेकिन आज आपको हम एक अनोखे अस्पताल और एंबुलेंस के बारे में बताएंगे। यह अस्पताल अपने आप में नायाब है और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा भी देता है। दरअसल, यह अनोखा अस्पताल पंजाब के अमृतसर जिले में शुरू हुआ है। लोग इस अस्पताल की जमकर तारीफ कर रहे हैं। दरअसल, अमृतसर का यह अस्पताल पेड़-पौधों का इलाज करेगा। खास बात यह है कि इसमें लगभग 32 तरह की बीमारियों का इलाज किया जाएगा। यह अनूठी शुरुआत आईआरएस अधिकारी रोहित मेहरा ने की है। उनका कहना है कि पेड़-पौधे जब बीमार पड़ें तो उन्हें उखाड़कर न फेंके, क्योंकि उनका इलाज हो सकता है। आयुर्वेद को आधार बनाकर पौधों का इलाज किया जाएगा। इसी उद्देश्य से भारतीय राजस्व अधिकारी (आईआरएस) रोहित मेहरा ने देश की पहली ‘ट्री एंबुलेंस’ शुरू की है। रोहित मेहरा के अनुसार पेड़ों को पुनर्जीवित करने के लिए ट्री एंबुलेंस में ऐसे विशेषज्ञों की टीम बनाई गई है, जो पौधों की बीमारियों के इलाज में सक्षम है। ट्री एंबुलेंस में आठ बोटनिस्ट और पांच साइंटिस्ट शामिल हैं। इसमें 32 तरह की अलग-अलग बीमारियों को ठीक करने की व्यवस्था है। जिन लोगों ने अपने घरों या पार्कों में बड़े-बड़े पेड़ लगाए हैं, उन्हें पेड़ों की देखभाल के लिए आगे आना होगा।