भारतीय रेल यात्रियों की सुविधाओं के लिए एक और तोहफा देने जा रही है। अब यात्रियों को अत्यंत आरामदायक और लग्जरी सफर मिलेगा। कोच में बैठते ही आपको जहाज वाली फीलिंग आएगी। तस्वीरों में देखें लग्जरी कोच...
दरअसल, भारतीय रेल आधुनिक सुविधाओं से लैस डबल डेकर कोच उदय को शुरू करेगा। पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच कारखाना से ब्रेल सुविधा से लैस पहला कोच रवाना कर दिया गया है। बता दें कि रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला में ही बुद्धिस्ट सर्किट, तेजस, हमसफर, दीन दयालु, दुरंतो सरीखे बेहतरीन कोचों का निर्माण हुआ है।
साल के पहले रैक के रवाना होने के बाद कोच फैक्ट्री दूसरे की तैयारी में जुट गई है। इस रैक में एसी चेयर कार के 6 डिब्बे, पैंट्री कार वाली एसी चेयर कार के 3 डिब्बे और 2 पावर कार शामिल हैं। एक डिब्बे की लागत अनुमानित 3.43 करोड़ है। एयर कंडीशनड चेयर कार में 120, पैंट्री कार में 104 सीटें हैं। दूसरे मिडल डैक में डाइनिंग स्पेस है।
वहां बैठकर यात्री मनपसंद भोजन ले सकते हैं। इसमें फूड वेंडिंग और चाय-कॉफी वेंडिंग मशीन की व्यवस्था भी है। डायनिंग एरिया में मनोरजंन के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। प्रत्येक डिब्बे के अंदर आकर्षक साइड पैनल और आरामदायक सीटें हैं। पैसेंजर एरिया में सूचना देने के लिए एलसीडी स्क्रीन और डिब्बों के बाहर डिजाइनदार विनायल से सजावट की गई है।
बोगी में एयर सस्पेंशन लगाए गए हैं, जिससे झटके नहीं महसूस नहीं होंगे। प्रत्येक डिब्बे मे 2 लेवोटरीज दी गई हैं। संरक्षा के लिए प्रत्येक डिब्बे में स्मोक डिटेक्शन अलार्म लगाए गए हैं। वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी मनजीत सिंह ने कहा कि इस रैक को रवाना करने के साथ आरसीएफ अब भारतीय रेल की पहली उत्पादन इकाई बन गई है। इस रैक की स्पीड 160 किमी प्रति घंटा है। ब्रेल सुविधा की वजह से ब्लाइंड यात्री भी सुगमता से इसमें सफर कर सकेंगे।