आपके सामने भारतीय रेल ऐसे कोच ले आया है, जिसकी सुविधाएं हवाई जहाज के बराबर है। इस ट्रेन में यात्रियों का स्वागत ट्रेन होस्टेस करेंगी। आपके लिए खाना भी सेलिब्रिटी शेफ बनाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट रेल कोच फैक्टरी (आरएफसी) कपूरथला में साकार हो रहा है। 200 किलोमीटर की स्पीड से दौड़ने वाली तेजस के कोचों को अंतिम रूप देने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। एयर होस्टेस की तर्ज पर तेजस में ट्रेन होस्टेस रेल यात्रियों का स्वागत करेंगी। देश के बजट में घोषित तेजस का पहला रैक 10 मई को रेलवे बोर्ड को सौंपे जाने की तैयारी है।
स्वच्छ भारत अभियान और पर्यावरणीय दृष्टि को ध्यान में रखते हुए तेजस कोच के निर्माण में अहम एहतियात बरती गई है। विमान की तरह ई-लेदर सीट, आर्म्स और लेग रेस्ट के लिए अलग कुशन के अलावा आराम का खास ख्याल रखा गया है। विमान में कॉल बेल बजाकर ट्रेन होस्टेस को बुलाने के लिए कॉल बेल का प्रावधान है।
मनोरंजन के लिए हर सीट पर एलसीडी लगी है, जिन्हें रैक के आगे और पीछे लगे पॉवर कोच में स्थापित 2 या 4 टीबी हार्डडिस्क वाले सर्वर से फिल्में, गाने और रेलवे से संबंधित जानकारी मिलेगी। ट्रेन में चाय और कॉफी के लिए वेंडिंग मशीन भी लगाई गई है। इसके अलावा मैगजीन और न्यूजपेपर भी उपलब्ध रहेगा। तेजस डिब्बों में ब्रेल डिस्प्ले, डिजिटल बोर्ड और इलेक्ट्रॉनिक रिजर्वेशन चार्ट भी शामिल होंगे।
मोबाइल चार्जिंग के लिए यूएसबी और दो सीटों के बाद लैपटॉप चार्ज करने के लिए इलेेक्ट्रिक प्वाइंट दिए गए हैं। एलसीडी जीपीएस सिस्टम से कनेक्टेड होंगी। टच स्क्रीन वाली एलसीडी पर साइड में ट्रेन की गति, जगह और आने वाले स्टेशन के बारे में भी स्क्रालिंग होती रहेगी। आपराधिक गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से हर कोच में सीसीटीवी लगे हैं। मेट्रो की तरह आटोमैटिक हाइड्रोलिक डोर विद प्लग वाले दरवाजे लगाए गए हैं।