सतलुज-यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) के पानी की मांग के मद्देनजर सोमवार को इनेलो ने जीटी रोड और चंडीगढ़ रोड पर पंजाब सीमा से आने वाले वाहनों को रोका। जीटी रोड पर शंभू बार्डर और चंडीगढ़ रोड पर सद्दोपुर बैरियर से सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक किसी भी वाहन को हरियाणा में दाखिल होने नहीं दिया गया।
सुबह से ही सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर बैठ गए थे। नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला, सांसद दुष्यंत चौटाला और इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में दोनों स्थानों पर पंजाब सरकार के साथ-साथ प्रदेश की खट्टर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। इस बीच पंजाब से आने वाले वाहनों को पुलिस ने अलग-अलग लिंक रूट पर डायवर्ट किया। इस वजह से वाहन चालकों को खासी परेशानी हुई।
हरियाणा-पंजाब बार्डर पर चंडीगढ़ रोड पर स्थित सद्दोपुर बैरियर पर सुबह नौ बजे इनेलो कार्यकर्ताओं ने पंजाब से आने वाले वाहनों को रोक लिया था। यहां एक रोड पर ट्रालियां लगाकर इनेलो कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करने लगे। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में यहां नारेबाजी आरंभ की गई। रोड जाम होते ही पंजाब के लालडू से पंजाब पुलिस ने हरियाणा आने वाले वाहनों को लिंक रूट पर डायवर्ट कर दिया था।
वाहन लालडू से बरवाला, पंजोखरा, बलदेव नगर से जीटी रोड की ओर आ रहे थे। मुख्य चंडीगढ़ रोड से केवल एंबुलेंस को ही पंजाब से हरियाणा की ओर आने दिया जा रहा था। करीब साढ़े ग्यारह बजे अभय चौटाला मौके पर पहुंचे और आते ही उन्होंने जल बंटवारे के समझौते को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा पंजाब का ही हिस्सा था और बड़ा भाई होने के नाते पंजाब छोटे भाई हरियाणा को पानी नहीं दे रहा है।
अभय चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा के हालात खराब है। किसान को जमीन पर सिंचाई व पीने के लिए पानी चाहिए। एसवाईएल का पानी नहीं मिलता तो हरियाणा आने वाले समय में बंजर होगा। मौके पर जिला व्यापार सेल के अध्यक्ष ओंकार सिंह सहित अंबाला से कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।