एसवाईएल के पानी को लेकर सोमवार को इनेलो के कार्यकर्ताओं के वाहन रोको अभियान के तहत सुरक्षा की दृष्टि से पंजाब जाने वाली हरियाणा रोडवेज व पंजाब से आने वाली पंजाब रोडवेज की सभी बसें बंद रही।
सोमवार को पंजाब जाने व वहां से आने वाली बसों के बंद होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पटियाला जाने वाले यात्रियों को चीका बार्डर व वहीं खनौरी व पातड़ा की ओर जाने वाले बसें संगतपुरा बार्डर तक ही बस में सफर करना पड़ा।
जिस कारण उन्हें बार्डर को पार करने के बाद पंजाब रोडवेज की बसें मिली। पटियाला निवासी जागीर कौर ने बताया कि वह रविवार को किसी कार्य के लिए कैथल आई थी। जिसके बाद वे अगले दिन पटियाला वापिस जाना था। लेकिन बसों के बंद होने के कारण उसे काफी परेशानी हुई। उसे करीब एक घंटे बाद पटियाला की बस तो मिली लेकिन वह केवल बार्डर तक ही गई।
चंडीगढ़ मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस सुबह बलदेव नगर में जाम में फंस गई। बलदेव नगर फ्लाईओवर से चंडीगढ़ जाने वालों को पुलिस ने डायवर्ट किया था। यहां डायवर्जन की वजह से जाम था जिसमें करीब पंद्रह मिनट तक एंबुलेंस फंसी रही।
बस स्टैंड के एसएसआर परवाना राम ने बताया कि पंजाब से कैथल और कैथल से पंजाब में जाने वाली रोजाना 24 बसें चलती है। जिसमें से एक बस अमृतसर, दो बस कटरा, छह बस पटियाला के 15 चक्कर व चार बसें खनौरी के 10 चक्कर लगाती है। पंजाब रोडवेज की एक बस वाया कैथल से दिल्ली, 12 खनौरी व 17 बसें पटियाला के लिए चलती है। ये सभी बसें आने जाने में करीब 58 चक्कर लगाती है। जो सोमवार को बंद रहीं।