नवाब मंसूर अली खां पटौदी के खानदान की एक बेटी आजकल थाने के चक्कर काट रही हैं और बहुत जल्दी उनकी मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। अब क्या करें, काम ही ऐसा किया है।
दरअसल, एक्ट्रेस शर्मिला टैगोर की बेटी और सैफ अली खान की बहन सोहा अली खान शस्त्र लाइसेंस के केस में फंसी हैं। उनके खिलाफ हरियाणा लोकायुक्त की अदालत में केस चल रहा है, जिसकी सुनवाई सोमवार 24 जुलाई को हुई। मामले में लोकायुक्त ने पुलिस को 12 अक्टूबर तक जांच कर रिपोर्ट दाखिल करने के आदेश दिए हैं।
गौरतलब है कि सोहा अली खान के शस्त्र लाइसेंस मामले में गुरुग्राम पुलिस जांच कर रही हैं और लोकायुक्त सेवानिवृत्त जस्टिस एनके अग्रवाल को रिपोर्ट सौंपी जानी है। वहीं गुरुग्राम और झज्जर जिले के अधिकारियों पर सोहा अली खान के शस्त्र लाइसेंस मामले में अनियमितताएं बरतने के आरोप हैं।
अधिकारियों ने एक तो उनका लाइसेंस 21 वर्ष की आयु से पहले बनाया गया, उसके बाद अवैध शिकार मामले में शस्त्र झज्जर पुलिस के पास जब्त होने के बावजूद रिन्यू कर दिया गया। हालांकि, तत्कालीन डीसी गुरुग्राम ने बाद में मामले की शिकायत आने पर गंभीरता को समझते हुए लाइसेंस को रद्द कर दिया था।
इस मामले में दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर नरेश कादियान ने लोकायुक्त के पास शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद लोकायुक्त के रजिस्ट्रार ने सोहा अली खान पर एफआईआर और दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए थे।