दूल्हे के सिर पर सेहरा सजा, वह घोड़ी चढ़कर अपनी दुल्हन को लेने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में एक युवक की गलती से सात फेरे न ले सका।
घटना पंजाब के लुधियाना की है। दूल्हा और उसकी बारात अस्पताल में भर्ती है। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी, जिसे देखने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हुआ और आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचे। पुलिस ने मामले में शिमलापुरी इलाके में रहने वाले सुक्खी, काला, सुखराज और जोनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हुआ यूं कि चांद नाम के युवक की शादी थी और रिवाज अनुसार वह मंगलवार सुबह बारात लेकर निकला। रास्ते में डुगरी रोड पर एक कार ने बाराती महिलाओं को टक्कर मार दी तो उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया। गुस्से से तमतमाया कार सवार युवक बाहर आया और महिलाओं के साथ बदतमीजी करने लगा। बात करते करते वह मारपीट पर उतर आया।
मामला बढ़ते देखकर दूल्हा चांद बीच बचाव कर आया तो युवक भड़क गया। उसने सभी बारातियों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। एक कैमरामैन ने वारदात को कैद करना चाहा तो उसे भी पीट दिया। दूल्हे ने रोकना चाहा तो उसने उसी की किरपाण निकालकर उस पर हमला कर दिया। बारातियों ने जैसे तैसे करके दूल्हे को बचाया। इस बीच पुलिस को खबर की गई।
खबर मिलते ही थाना माडल टाऊन की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। दूल्हे और घायल बारातियों को अस्पताल भर्ती कराया गया, वहीं दुल्हन पक्ष के लोगों को घटना का पता चला तो वे परेशान हो गए। आनन फानन में दुल्हन पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर एक पेट्रोल पंप का सीसीटीवी खंगाला तो देखा कि वारदात उसमें कैद हो गई है।