नेशनल हाईवे पर 41 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस अचानक हादसे का शिकार हो गई। मौके की तस्वीरें देखिए
राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर नौ पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए। मलोट से 41 श्रद्धालु एक निजी में सवार होकर सिरसा के सिकंदरपुर स्थित राधास्वामी डेरे के लिए रवाना हुए थे। बस जब सिरसा के पन्नीवाला मोटा नहर के पास पहुंची तो चालक अचानक बस से संतुलन खो बैठा।
परिणामस्वरूप बस फोरलेन के बीच बने डिवाइडर से टकराकर कई पलटियां खाती हुई हाईवे के दूसरी ओर कच्चे में जा गिरी। हादसे में बस के नीचे दबने से 27 वर्षीय श्रद्धालु अमित मक्कड़ की मौके पर ही मौत हो गई। बस में 30 महिलाओं और 10 पुरुषों और चालक सहित कुल 42 लोग सवार थे। सभी लोग मलोट के बताए गए हैं।
घायलों को ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया जहां चीख-पुकार मची रही। घायलों के समक्ष अस्पताल के बेड भी कम पड़ गए, लेकिन फिर भी स्टाफ ने सराहनीय सेवाएं देते हुए घायलों का तत्परता से उपचार करते हुए गंभीर चोटें आने वाले घायलों को साथ की साथ सिरसा रेफर किया। वहीं सूचना पाकर घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे और हर कोई अपने-अपने परिजन के बारे में पूछता नजर आया।
वहीं घटना के बाद थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने अस्पताल में पहुंचकर घायलों का हालचाल जानते हुए उन्हें धैर्य बंधाया। तो वहीं गांव ओढां और रोहिड़ांवाली से पहुंचे लोगों ने उपचार में स्टाफ का सहयोग किया। इस हादसे के बाद सभी घायल एक दूसरे के ऊपर पड़े मदद के लिए चिल्ला रहे थे। कुछ घायलों ने बताया कि बस में अधिकांश लोग नींद की अवस्था में थे। उन्हें पता तक नहीं चला की आखिर अचानक ये घटना कैसे हुई।