प्रेमिका के घरवालों से अपमान का बदला लेने वाले दिलजले ने पाकिस्तान के साथ भी डील की थी, इस दिलजले ने ISI तक से संपर्क रखा था।
पटियाला पुलिस छापामारी के डर से गोली मार कर सुसाइड करने वाले बीटेक इंजीनियर रजतवीर सिंह के संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से थे। यह सनसनीखेज खुलासा अब तक की पुलिस जांच में हुआ है। इसके अलावा रजतवीर सिंह ने बम बनाने की ट्रेनिंग ले रखी थी।
दर्शन कालोनी स्थित आरोपी के दूसरे मकान की ऊपरी मंजिल, जहां से पुलिस को रजतवीर सिंह की लाश मिली थी, से पुलिस को एक डायरी और रजिस्टर मिला है। इसमें बम बनाने की विधि लिखी है।
जांच के मुताबिक मुख्य आरोपी रजतवीर सिंह अपने पिता हरप्रीत सिंह के साथ मिलकर आईएसआई के इशारे पर कोई बड़ी वारदात करने की फिराक में था। इसके लिए ही रजतवीर सिंह दर्शन नगर स्थित अपने घर में बड़ी गिनती में देसी बम तैयार कर रहा था। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों के दर्शन नगर स्थित घर में दोबारा सर्च की।
इस दौरान पुलिस को ट्रंकों में कपड़ों के नीचे छिपाकर रखे 12 मोबाइल बरामद हुए हैं। इन मोबाइल फोन की काल डिटेल पुलिस निकलवा रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल इस मामले में कोई टिप्पणी करने से इनकार कर रही है।