डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को जेल में गए एक साल पूरा हो गया है। इन 365 दिनों में बाबा का क्या हो गया और उनकी जिंदगी कैसे कटी, इस पर एक स्पेशल रिपोर्ट पर नजर डालिए।
राम रहीम को साध्वी यौन शोषण केस में 25 अगस्त 2017 को दोषी करार दिया था। उसी दिन पंचकूला समेत सिरसा और हरियाणा भर में हिंसा हुई थी। करीब 38 लोग मारे गए थे और जान माल को काफी नुकसान हुआ था। माहौल बिगड़ते देखकर बाबा को 25 तारीख को ही सुनारिया जेल रोहतक शिफ्ट कर दिया गया था। यहां 28 अगस्त को कोर्ट लगी और बाबा को 10-10 साल की सजा सुनाई गई।
राम रहीम को अब जेल में एक साल पूरा हो गया है। इसी के साथ पंचकूला में हुई हिंसा को भी। वहीं जेल में बाबा के 365 दिन कैसे कटे, इस बारे में कई तरह की जानकारियां सामने आई। बताया जा रहा है कि जेल की जिंदगी ने राम रहीम को बिल्कुल बदल दिया है। हालांकि वह बाहर आना चाहता है, और संगत को सत्संग सुनाना चाहता है।
जेल में राम रहीम आलू, बैगन से लेकर अन्य सब्जियों की बुआई करता है। राम रहीम प्रतिदिन जेल में कड़ी मेहनत कर रहा है। वह तरह-तरह के काम करता है, लेकिन ज्यादातर बुआई का काम ही करता है। वह लोगों से बात करना चाहता है। अपने दिल का दर्द बांटना चाहता है। राम रहीम जेल में सत्संग कराना चाहता था। इसके लिए उसने जेल के अधिकारियों के समक्ष भी प्रस्ताव रखा था, मगर जेल अधिकारियों ने साफ इनकार कर दिया था।
जेल में राम रहीम को स्पेशल बैरक में रखा गया है। हालांकि उसके साथ पांच छह बंदी और भी है। जेल में राम रहीम को कोई वीआईपी सुविधा नहीं दी जाती। राम रहीम की दिनचर्या अन्य बंदियों की तरह ही होती है। सप्ताह में दो दिन बाबा के परिजन उससे मिलने के लिए आते हैं। मुलाकात के दौरान परिवार के लोगों की वीडियोग्राफी भी कराई जाती है।