मैंगो मेले के पहले दिन करीब 11 हजार पर्यटकों ने गार्डन में पहुंच कर मेले का लुत्फ उठाया। शहर के यादविंद्रा गार्डन में 26वें मैंगो मेले का शनिवार को हरियाणा के पर्यटन मंत्री राम बिलास शर्मा ने उद्घाटन किया।
मेले में आम की 4049 किस्में रखी गईं। इसके अलावा आम से निर्मित विभिन्न उत्पादों लड्डू, आम पन्ना, आम पापड़, चूरन, जूस, चटनी, जैम आदि उत्पाद मैंगो मेले में रखे गए। पिछले साल की तुलना में इस बार आम उत्पादक आम की कम वैराइटी लेकर मेले में पहुंचे।
रविवार को मौसम सही रहा तो शनिवार की तुलना में रविवार की छट्टी की वजह से मेले में और अधिक पर्यटक पहुंच सकते हैं। मलिहाबाद से आए आम उत्पादक राजकुमार ने बताया कि वह पिछली बार आम की 210 किस्में लेकर आए थे। लेकिन इस बार आम की फसल कम होने के कारण केवल 50 किस्में ही ला पाए हैं।
निर्मल नर्सरी देहरादून उत्तराखंड से आए उत्पादक आम की 21 किस्में, इमरान सहारनपुर से 50 किस्में लेकर मैंगो मेले में पहुंचे। उत्पादकों का कहना था कि इस बार आम की फसल पिछले साल की तुलना में कम होने के कारण वह आम की अधिक किस्में नहीं ला पाए।
मैंगो मेेले में पहुंचे लोगों ने विभिन्न प्रकार के आमों के बारे में उत्पादकों से जानकारी ली। आम उत्पादकों ने बताया कि चौसा आम की कीमत भारत में 200 रुपये किलो है। इसे जापान सहित अन्य देशों में 800 रुपये किलो के हिसाब से एक्सपोर्ट किया जाता है। इसके अलावा हाथी झूल, हुस्नपरी, लंगड़ा, दशहरी व अन्य आम की किस्में देखने को मिलीं। मैंगो मेले के पहले दिन भारी संख्या में लोग मेले में पहुंचे। इस मौके पर नॉर्थ जोन कल्चर पटियाला के लोक कलाकारों ने गार्डन में हरियाणवी, पंजाबी, राजस्थानी नृत्यों सहित अन्य हैरतअंगेज करतब दिखाने वाले कलाकार पर्यटकों को आकर्षित कर रहे थे।