फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

#VoteKaro: हरियाणा में 10 सीटों पर मतदान आज, मनोहर-हुड्डा पर टिका जीत का दारोमदार

Sun, 12 May 2019 03:55 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: देव कश्यप Updated Sun, 12 May 2019 03:55 AM IST
विज्ञापन
Lok Sabha Chunav 2019: Sixth Phase Voting in Haryana on all 10 lok sabha seats
Bhupinder Singh Hooda & Deepender Singh Hooda - फोटो : File Photo

हरियाणा में बेहद रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है। भाजपा के सामने कांग्रेस ने अपने दिग्गजों को उतारकर कांटे की टक्कर कर दी है। रोहतक, करनाल के साथ ही सोनीपत, हिसार और अंबाला सीटों पर कड़ा मुकाबला है। सीएम बनने के बाद मनोहर लाल के नेतृत्व में पहला लोकसभा चुनाव है। पांचों नगर निगमों में जीत व जींद में पहली बार कमल खिलाने के कारण सीएम जहां जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं, वहीं पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस बार 2009 का इतिहास दोहराने का दावा कर रहे हैं।



जाट बनाम गैर जाट की लड़ाई में सिमटा चुनाव 
रोहतक में तीन बार के सांसद और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पुत्र व कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र हुड्डा की सीधी टक्कर पूर्व सांसद व भाजपा प्रत्यशी डॉ. अरविंद शर्मा से है। इस सीट पर लड़ाई जाट बनाम गैर जाट की चल रही है। भाजपा गैर जाट वोटों का ध्रुवीकरण कर पहली बार रोहतक का अभेद्य दुर्ग भेदने की कोशिश में जुटी है। यह सीट हुड्डा परिवार का गढ़ है। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा यहां से चार बार, उनके पिता रणवीर हुड्डा दो बार और पुत्र दीपेंद्र तीन बार सांसद रह चुके। हुड्डा ने एक बार ही इनेलो के इंद्र सिंह से मात खाई थी। भाजपा और कांग्रेस ने जीत दर्ज करने के लिए पूरी ताकत झोंकी हुई है। कांग्रेस ने यहां प्रियंका गांधी का रोड शो कराया तो भाजपा ने पीएम नरेंद्र मोदी की रैली। भाजपा मोदी लहर के सहारे यहां जीत का दम भर रही है तो हुड्डा परिवार को अपने रसूख, समर्थक विधायकों और जनता पर विश्वास है।

Lok Sabha Chunav 2019: Sixth Phase Voting in Haryana on all 10 lok sabha seats
karnal sanjay bhatia

बाहरी बनाम धरती पुत्र का संघर्ष
करनाल सीएम सिटी है। मनोहर लाल यहीं से पहली बार विधायक बनकर सीधा मुख्यमंत्री बने थे। करनाल अब कांग्रेस के बजाए भाजपा का गढ़ बन चुका है। इस सीट को भाजपा अपनी सबसे सुरक्षित सीट मानकर चल रही है। मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। संजय भाटिया भाजपा संगठन का बड़ा चेहरा हैं। जमीन से जुड़े हुए हैं। पंजाबी चेहरा होने के साथ ही पीएम मोदी व सीएम के नाम का पूरा फायदा मिल रहा है। कांग्रेस ने यहां से चार बार सांसद रह चुके चिरंजी लाल शर्मा के बेटे विधायक कुलदीप शर्मा को उतारा है। कुलदीप सोनीपत के गन्नौर से विधायक हैं। उन पर बाहरी होने का भी ठप्पा लग रहा है। लड़ाई धरतीपुत्र बनाम बाहरी की भी है। कांग्रेस की राह इस सीट पर आसान नहीं। कांग्रेस ब्राह्मण चेहरे के सहारे वापसी की उम्मीद लगाए हुए है। 2014 में भाजपा ने यह सीट 3.60 लाख के अंतर से जीती थी।

Lok Sabha Chunav 2019: Sixth Phase Voting in Haryana on all 10 lok sabha seats
Bhupendra singh hudda

हुड्डा की लड़ाई में दिग्विजय ने लगाया तड़का
सोनीपत: इस सीट पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व भाजपा सांसद रमेश कौशिक के बीच टक्कर है। ताऊ देवीलाल परिवार की चौथी पीढ़ी के लाल दिग्विजय चौटाला मुकाबले को तिकोना बनाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन वे हुड्डा की तुलना में दमदार जाट चेहरा नहीं माने जाते हैं। सोनीपत को जाटलैंड कहा जाता है। देशवाली बेल्ट में आने वाली इस सीट को कांग्रेस के साथ ही हुड्डा भी सेफ मानकर चल रहे हैं। भाजपा यहां मोदी मैजिक के सहारे दोबारा जीत दर्ज करना चाह रही है। हुड्डा के मैदान में उतरने से भाजपा की राह मुश्किल हुई है। पूरी भाजपा ने हुड्डा को संसद पहुंचने से रोकने के लिए ताकत लगा दी है। हुड्डा यहां से जीत दर्ज कर हाईकमान के सामने अपना कद और ऊंचा करना चाह रहे हैं। साथ ही इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सीएम पद पर भी अपनी दावेदारी पुख्ता करेंगे।
 

विज्ञापन
विज्ञापन
Lok Sabha Chunav 2019: Sixth Phase Voting in Haryana on all 10 lok sabha seats
Bhavya vishnoi

भव्य के सियासी भविष्य का इम्तिहान
हिसार: पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल और पूर्व सीएम भजनलाल के गढ़ में त्रिणोकीय मुकाबला है। यहां देवीलाल की चौथी पीढ़ी के सांसद दुष्यंत चौटाला मैदान में हैं, तो भजनलाल के पोते भव्य बिश्नोई पहली बार चुनावी दंगल में उतरे हैं। भाजपा ने यहां लालों के परिवार से चौधराहट छीनने के लिए केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह को उतारा है। जाट व गैर जाट की लड़ाई में यहां चुनावी जंग बेहद रोचक हो गई है। तीनों उम्मीदवारों के अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्र हैं। ऐसे में जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा, इसका विश्लेषण करने में विश्लेषकों का भी सिर चकरा रहा है। बृजेंद्र सिंह को पिता व मोदी का सहारा है तो दुष्यंत अपने कामों और परदादा देवीलाल के नाम पर वोट मांग रहे हैं। भव्य को दादा भजन लाल के नाम व पिता कुलदीप बिश्नोई के दम पर जीत की आस है। दुष्यंत चौटाला इस बार अपनी नई पार्टी जजपा से उम्मीदवार हैं, जो उन्होंने इनेलो से अलग होकर बनाई है।   

विज्ञापन
Lok Sabha Chunav 2019: Sixth Phase Voting in Haryana on all 10 lok sabha seats
Kumari Shailja

सैलजा और कटारिया में सीधी भिडंत
अंबाला: यहां मुकाबला कांग्रेस की राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा और भाजपा सांसद रतनलाल कटारिया के बीच है। कटारिया ने पार्टी हाईकमान से लड़कर टिकट लिया है। वह दोबारा जीत हासिल करने के लिए जोर लगाए हुए हैं। सैलजा से उन्हें कड़ी चुनौती मिल रही है। सैलजा अंबाला सीट से दो बार सांसद रह चुकी हैं। उन्होंने पिछला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था। इस बार उन्हें ठीक रिस्पांस मिल रहा है। कटारिया को पांच साल जनता के बीच न जाने पर विरोध भी झेलना पड़ रहा है। कटारिया खुद या भाजपा के लिए नहीं, पीएम मोदी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। सैलजा से कांटे की टक्कर में भाजपा सांसद समझ चुके हैं कि मोदी के सहारे ही उनकी चुनावी नैया पार लग सकती है। वहीं जननायक जनता पार्टी-आप गठबंधन ने पृथ्वीराज सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। कुमारी सैलजा 2004 में पहली बार अंबाला से सांसद बनी थीं। इसके बाद वह मनमोहन सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री बनाई गईं। 2009 में भी वह इस सीट से दोबारा सांसद बनीं। 

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed