अब स्कूलों में मैडम अब जींस -टीशर्ट नहीं पहन सकेंगी। स्कूलों में अगर टीचर जींस और टी शर्ट पहन कर जाते हैं, तो अब ये सब दिखना बंद होने वाला है। क्योंकि नया फरमान जारी हुआ है।
ये फरमान पंजाब के सरकारी स्कूलों के लिए जारी हुआ है। स्कूल शिक्षा विभाग ने पंजाब की महिला अध्यापिकाओं के स्कूल में जींस टॉप व टीशर्ट पहनकर आने पर पाबंदी लगा दी है। उन्हें सादा कपड़े पहनकर विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल की उदाहरण बनने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले में सोमवार को शिक्षा विभाग सेकेंडरी ने डीईओ को ड्रेस कोड के मामले में स्कूलों की नियमित रूप से चेकिंग करते रहने की हिदायतें दी हैं।
पंजाब शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अमरीश शुक्ला ने सभी सीईओ व डीईओ को लिखे पत्र में बताया कि शिक्षा विभाग के पास टीचर्स यूनियन, एनजीओ व अभिभावकों की ओर से कई शिकायतें मिल रही हैं। कई स्कूलों में महिला अध्यापिकाएं जींस टॉप व टीशर्ट पहनकर आती हैं। ऐसे पहरावे से विद्यार्थियों की मानसिकता पर बुरा प्रभाव पड़ता है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार 2 नवंबर 2012 को भी शिक्षा विभाग ने स्कूल अध्यापकों के लिए ड्रेस कोड लगाया था, लेकिन उसे प्रभावी ढंग से लागू नहीं करवाया जा सका। उस समय के शिक्षा मंत्री के पास शिकायत पहुंची थी कि स्कूल अध्यापिकाओं के ऐसी ड्रेस पहन कर स्कूल पहुंचने से अपर प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।