रेलवे में 90 हजार पदों पर भर्ती के लिए अप्लाई किया है तो जानिए अगर ऐसी स्थिति बन गई तो फिर क्या होगा, देखिए बड़े काम की ये खबर।
दरअसल, हरियाणा के रोहतक में रेलवे में नौकरी लगवाने का लालच देकर युवाओं से लाखों रुपयों की ठगी का मामला सामने आया है। जबकि हाल ही में रेलवे में हजारों पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में इस तरह की ठगी का मामला चिंताजनक है। पुलिस ने ठगी करने वाले गिरोह की महिला सदस्य को दिल्ली से गिरफ्तार किया है, जिसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
महिला ने खुलासा किया है कि गिरोह ने युवाओं को फर्जी ज्वाइनिंग लैटर देकर दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दो महीने तक नौकरी करवाई। गिरोह ने युवाओं को रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेन के डिब्बे गिनने और पटरियां देखने का काम दे रखा था ताकि वह किसी की पकड़ में न आये। गिरोह के सदस्य हरियाणा के करीब तीस युवाओं से 80 लाख से ज्यादा रुपये ठग चुके हैं।
शहर थाना पुलिस ने 23 जून 2016 को गांव चमारिया निवासी हरीश हुड्डा और खिड़वाली हाल सेक्टर तीन निवासी महिला संतोष उर्फ सोनिया के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। राजीव विहार कॉलोनी निवासी महिला राजवंती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि हरीश और संतोष ने बच्चों की रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी है। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस आरोपी हरीश को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जांच अधिकारी महिला एएसआई सुशीला ने बताया कि सूचना के आधार पर राजस्थान के गंगानगर स्थित लालगढ़ जटान निवासी किरण को दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है। महिला दिल्ली में किराये का कमरा लेकर अपने गिरोह के सदस्यों के साथ रहती थी। ऐसे में जरूरी है कि आवेदक इस तरह के लोगों से बचकर रहें।