जीएसटी लागू करने से ठीक पहले मोदी सरकार ने एक बहुत बड़ा ऐलान किया था, जिससे लाखों लोगों को राहत मिलेगी और ऐसा हुआ एक शख्स की वजह से।
दरअसल, केंद्र सरकार ने जीएसटी लागू होने से पहले खाद और उर्वरकों पर जीएसटी की दर 12 से घटाकर पांच फीसदी कर दी। इससे देश भर के किसानों को बड़ी राहत मिल गई। पंजाब-हरियाणा के करीब 35 लाख किसानों पर इसका असर पड़ेगा।
वही जान लीजिए कि हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की अपील पर सरकार ने यह फैसला लिया। कैप्टन के आग्रह पर यह भी तय किया गया कि ट्रैक्टर के पार्ट्स पर उतना ही टैक्स लगेगा, जितना ट्रैक्टर पर लगना तय हुआ है।
दरअसल, जीएसटी काउंसिल की अंतिम बैठक दिल्ली के विज्ञान भवन में हुई। इस दौरान वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने किसानों की आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा इस्तेमाल होने वाले खाद, उर्वरक व ट्रैक्टर पार्ट्स पर जीएसटी की दर ज्यादा है।
कैप्टन ने कहा कि ज्यादा दरें किसान की कमर तोड़ने का काम करेंगी। ज्यादा दर पर टैक्स लेकर सब्सिडी देने से अच्छा है कि इसकी दर को ही कम रखा जाए। वित्त मंत्री ने अनेक दलीलें देकर उन राज्यों के मंत्रियों को भी समर्थन में कर लिया, जो दरें कम करने के विरोध में थे।