तेज पानी के बहाव की वजह से नहर में दरार आ गई। 50 फीट दरार से पानी निकला, तो घर के घर डूब गए। अब हालात देख लें
बठिंडा शहर की गणपति कॉलोनी के पीछे से गुजरते रजवाहे में 50 फीट दरार पड़ने से साईं नगर के करीब 200 घरों में दो से तीन फुट तक पानी भर गया। साथ ही किसानों की कई एकड़ बीजी कपास की फसल बर्बाद हो गई।
दरार पड़ने के कई घंटों के बाद शुक्रवार सुबह तहसीलदार सुखबीर सिंह मौके पर पहुंचे। उनके एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची। उन्होंने किश्तियों के माध्यम से लोगों को घरों से बाहर निकाला। एसडीएम साक्षी साहनी भी किश्ती पर ही लोगों से मिलने गई।
तहसीलदार ने दरार को भरने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए, लेकिन तब तक रजवाहे के पास किसानों की जमीन में बोई कपास की फसल पानी भरने से तबाह हो चुकी थी। वीरवार देर रात पानी का बहाव तेज होने से रजवाहे के ऊपर से जाने वाली पूली के ढह जाने से करीब 50 फुट से अधिक दरार पड़ गई। इससे आसपास के खेतों में ज्यादा पानी भर गया।
सूचना मिलने पर पहुंचे किसानों ने शुक्रवार सुबह तुरंत अपने स्तर पर दरार को भरने का प्रयास किया। उन्होंने जिला प्रशासन को भी सूचित किया। तहसीलदार सुखबीर सिंह ने मौके का जायजा लिया। उन्होंने तुरंत लेबर को बुलाकर दरार भरने का कार्य शुरू करवाया।