दंगल गर्ल एवं अंतरारष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता फोगाट आज नजफगढ़ निवासी भारत केसरी विवेक सुहाग के साथ परिणय सूत्र में बंध जाएंगी। शादी बिन दहेज के गांव बलाली में संपन्न होगी। शादी समारोह में दोनों परिवारों के लोग व रिश्तेदार ही शामिल होंगे।
दो दिसंबर को दिल्ली में रिसेप्शन पार्टी आयोजित की जाएगी जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित बॉलीवुड व खेल जगत की हस्तियां शामिल होंगी। शनिवार को बबीता को मेहंदी लगाने की रस्म अदा की गई। बलाली गांव में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हालांकि शादी समारोह में कोई दिग्गज हस्ती शामिल नहीं होगी।
करीब सात माह पहले बबीता फोगाट और विवेक सुहाग ने सगाई की थी। फोगाट और सुहाग फैमिली ने करीब एक माह पहले एक दिसंबर शादी की तारीख फाइनल की थी। करीब एक सप्ताह पहले ही फोगाट फैमिली लगन की चिट्ठी लेकर नजफगढ़ स्थित विवेक सुहाग के घर पहुंची थी। यह रस्म भी सामान्य ढंग से अदा की गई थी और इसमें दोनों परिवारों के सदस्य ही शामिल हुए थे।
बबीता के भाई राहुल फोगाट ने बताया कि रविवार रात को होने वाले शादी समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार से संगीत कार्यक्रम शुरू हो चुका है और शनिवार को मेहंदी लगाने की रस्म अदा की गई।
संगीत में थिरकीं फोगाट बहनें
शनिवार रात बबीता के पैतृक गांव बलाली स्थित घर पर संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बबीता फोगाट, रीतू फोगाट व संगीता फोगाट ने भाग लिया। संगीत में अखाड़े में दमखम दिखाने वालीं फोगाट बहने जमकर थिरकीं। वहीं, पिता द्रोणाचार्य अवार्डी महाबीर फोगाट का कहना है कि शादी बिन दहेज के संपन्न होगी।