गैंगस्टर सुक्खा काहलवां को गोलियां मार भंगड़ा डालने वाले गैंगस्टर विक्की गौंडर को नाभा जेल से भागने के बाद से फेसबुक के जरिए बधाई मिल रही हैं। विक्की के भागने के चार घंटे बाद फेसबुक पर विक्की गौंडर गैंग पेज पर हरजीत सिंह ने विक्की की फोटो डाल कर एक पोस्ट जारी किया है। जिसमें विक्की को बधाई दी गई है। इस पोस्ट को आगे खूब शेयर किया जा रहा है। साथ ही इसे लाइक और इस पर कमेंट किए जा रहे हैं। फेसबुक पर उसके भागने की पहले से प्लानिंग होने की बात भी चल रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर चर्चा है कि एक बार फिर विक्की ने पुलिस की भारी सुरक्षा में जेल में भागने में सफलता हासिल की।
जेल ब्रेक : कैद से भागने के बाद गौंडर को फेसबुक पर मिलने लगी बधाईयां
इससे पहले वह अपने दुश्मन गैंगस्टर सुक्खा को भी भारी पुलिस सुरक्षा में मारने में कामयाब रहा था। साथ ही वहां से भाग भी गया था। विक्की को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। बठिंडा में गैंगस्टर से नेता बने रॉकी को शिमला से लौटते समय गोलियां मार कर मौत के घाट उतार दिया गया था। विक्की ने गैंगस्टर रॉकी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी और बठिंडा के एसएसपी स्वप्न शर्मा को खुली चुनौती दी थी। उस समय भी विक्की ने अपने फेसबुक पर ही एसएसपी को चुनौती दी थी।
गैंगस्टर सुक्खा काहलवां कत्लकांड में जेल में बंद गुरप्रीत सिंह सेखों गांव मुदकी जिला फिरोजपुर के अमीर परिवार के साथ संबंध रखता है। सेखों जुर्म की दुनियाका बेताज बादशाह बनना चाहता था, जिसके चलते उसने विक्की गौंडर के साथ मिलकर काहलवां कत्लकांड को अंजाम दिया। इस कांड की सारी योजना सेखों की ओर से ही बनाई गई थी। सेखों ने सबसे पहले अपराध चंडीगढ़ में फायरिंग की घटना को अंजाम देकर किया था। इसके बाद उसका नाम गैंगवार, कत्ल और इरादा-ए-कत्ल में आने लगा। सेखों जैपाल गैंग का करीबी भी माना जाता है। जैपाल गैंग वह गिरोह है, जिसने फाजिल्का के गैंगस्टर रॉकी को हिमाचल में सरेआम गोलियां मारकर कत्ल कर दिया था।
नीटा दियोल- नीटा दियोल अपराध की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम है, जिसको पंजाब पुलिस ने 22 अप्रैल को अमृतसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। नीटा दियोल के खिलाफ 21 जनवरी 2015 को फगवाड़ा में सुक्खा काहलवां कत्ल का मामला, चार मार्च 2015 को थाना सदर कोटकपूरा में इरादा कत्ल का मामला, 24 अप्रैल 2012 को थाना सिटी मलोट में मारपीट, असलाह एक्ट के अलावा अनेक आपराधिक मामले दर्ज हैं। नीटा शेरा खुबन गैंग के साथ संबंध रखता है और 2012 में नीटा जाली पासपोर्ट के जरिये दुबई भाग गया था। 2015 में काहलवां कत्लकांड को अंजाम देने के लिए नीटा खास तौर पर भारत आया था और कांड को अंजाम देने के बाद दोबारा दुबई भाग गया था।