पंजाब के लुधियाना में किडनैपरों के साथ मुठभेड़ में पुलिस कांस्टेबल गोली लगने से जख्मी हो गया। वहीं पुलिस ने इवेंट मैनेजर को किडनैपरों के चंगुल से मुक्त कराया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया। बाकि 4 फरार। देर रात ढाई बजे शुरू हुआ ऑपरेशन सुबह साढ़े चार बजे पूरा हुआ। पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख ने कहा कि रोबिन मित्तल इवेंट मैनेजर है। रविवार रात वह फिरोजपुर रोड स्थित एक पैलेस से पेंमेंट लेकर पटियाला अपने घर जा रहा था। आरोपियों ने देर रात को भारत नगर चौक के पास उसकी वरना कार को घेर लिया और उसे अगवा कर लिया।
किडनैपरों से मुठभेड़ में कांस्टेबल घायल, अगवा इवेंट मैनेजर रिहा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आरोपियों ने उससे पैसे की मांग की, तो उसने अपने पास रखे सभी पैसे उनको दे दिए। उसके बाद आरोपियों ने रोबिन के भाई अमन को फोन कर उसके अपहरण की बात कह पांच लाख रुपये लेकर महाराजा ग्रैंड रिजोर्ट के पास आने के लिए कहा। अमन ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एसीपी रमनीश चौधरी की अगवाई में तीन टीमों का गठन किया। दो टीमें पहले ही महाराजा ग्रैंड के पास पहुंच गई, जबकि एसीपी रमनीश चौधरी की अगुवाई वाली टीम अमन के साथ डुप्लीकेट पैसे लेकर वहां पहुंची। इसी दौरान एक वरना कार महाराजा ग्रैंड के पास आकर रुकी।
इसमें से दो युवक बाहर निकले। एक के हाथ में बंदूक थी। जब वह अमन से पैसे लेकर वापस मुड़े तो पुलिस ने उनको घेर लिया। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसमें से एक गोली एसीपी के साथ खड़े कांस्टेबल दलजीत सिंह को लगी, जिससे वह घायल हो गए। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को काबू कर लिया, जिसकी पहचान अमृतसर के छेहरटा निवासी अमरबीर सिंह उर्फ गोपी के तौर पर हुई है जबकि दूसरा स्विफ्ट कार में अन्य आरोपियों के साथ फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने वरना कार में बांधे गए रोबिन को छुड़वाया और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
रोबिन ने पुलिस को बताया कि उसे पांच आरोपियों ने रोका था। पुलिस ने गोपी और उसके साथियों के खिलाफ अपहरण, हत्या के प्रयास, लूटपाट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वरना कार के अलावा, डुप्लीकेट पैसों से भरा लिफाफा, पांच लाख रुपये की नगदी, 315 बोर की बंदूक, 47 कारतूस और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इवेंट मैनेजर रोबिन मित्तल को अगवा करने वाले आरोपियों ने दो दिन पहले फिरोजपुर से लूटी गई स्विफ्ट गाड़ी में ही अपहरण की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने यह कार एक उद्यमी से हथियारों के बल पर लूटी थी।
पुलिस कमिश्नर जेएस औलख ने कहा कि आरोपियों की वरना कार से जो पांच लाख रुपये की नगदी बरामद हुई है, वह भी लूट की ही है जो कुछ दिनों पहले आरोपियों ने फरीदकोट इलाके से लूटी थी। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक इस गिरोह ने अधिकतर वारदात अमृतसर, बटाला में की है। इस गिरोह का सरगना अमरबीर सिंह उर्फ गोपी है। आरोपी गोपी के खिलाफ अमृतसर में मारपीट के मामले भी दर्ज है। यह पुराना गिरोह है, इसका काम लूटपाट करना और अगवा कर फिरौती मांगना है। आरोपियों ने वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया था।