KBC के नाम पर आ रही रातों-रात किस्मत बदलने वाली कॉल, लेकिन सच्चाई आपका दिमाग हिला देगी। हॉट सीट में बैठने और करोड़ों जीतने के सारे ख्वाब चकनाचूर हो जाएंगे। आइए जानते हैं पूरा मामला...
सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के टीवी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) का 10वां सीजन शुरू हो चुका है। शो के नाम पर ठगों ने अपना धंधा चालू कर दिया है। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ शो के नाम पर चंडीगढ़ और मोहाली निवासी लोगों के मोबाइल पर फर्जी कॉल्स आनी शुरू हो गई हैं। कॉलर लोगों से केबीसी में लाखों रुपये जीतने का झांसा देकर उनसे ठगी करने में जुटे हैं।
ऐसे ही एक ठग के झांसे में फंसे मनीमाजरा निवासी संजीव ने साइबर सेल को शिकायत दी है। उन्होंने सेल के पुलिसकर्मियों को बताया कि उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉलर ने उन्हें कहा कि वह केबीसी से बोल रहा है और वह 35 लाख रुपये जीत चुके हैं। कॉलर ने जीती हुई रकम पाने के लिए संजीव से अपने बैंक खाते में चालीस हजार रुपये जमा करवाने को कहा।
संजीव ने बताए गए अकाउंट में रकम जमा भी करवा दी लेकिन उसके बाद से अज्ञात ठग ने उनसे संपर्क तोड़ लिया। स्वयं से हुई धोखाधड़ी का पता लगने पर संजीव ने साइबर सेल, यूटी को शिकायत दी है।
साइबर सेल ने संजीव के कॉल रिकॉर्ड से आरोपी कॉलर की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि आरोपी फिलहाल गिरफ्त से बाहर है। ऐसे ही जीरकपुर निवासी प्रभजीत सिंह ने बताया कि उनके पिता को व्हाट्स एप पर अमिताभ बच्चन की फोटो आई और कॉलर ने उन्हें कहा कि वह 35 लाख रुपये जीत चुके हैं। लेकिन अज्ञात ठग के झांसे में फंसने के बजाय मामले की शिकायत पुलिस से की।