नगर निगम की लापरवाही और सड़कों की री-कारपेटिंग में देरी ने दो दोस्तों की जान ले ली। तस्वीरें
हरियाणा के पंचकूला में बुधवार को देर रात करीब 2.30 बजे सेक्टर-12ए/ इंडस्ट्रियल एरिया फेज-एक की डिवाइडिंग रोड पर हुई दुर्घटना में दो दोस्तों की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरा युवक पीजीआई में उपचाराधीन है। पुलिस ने प्रशासन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को देर रात राजीव कॉलोनी निवासी गुल्लू उर्फ प्रमोद की अपाचे पर केश उर्फ चंद्रकेश, इंदिरा कालोनी निवासी टीटू उर्फ मुकेश सेक्टर-12ए की तरफ से हाईवे की ओर जा रहे थे। प्रमोद बाइक चला रहा था, जबकि दोनों साथियों को बाइक चलानी नहीं आती थी।
सेक्टर-12ए-इंडस्ट्रियल एरिया की डिवाइडिंग रोड पर पहुंचते ही बाइक अचानक गड्ढे में गिरकर अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गंभीर हालत में जख्मी होकर गिर गए। प्रमोद और चंद्रकेश के सिर और पैर पर गंभीर चोटें आई जबकि मुकेश के सीने की हड्डियां टूट गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन प्रमोद और चंद्रकेश ने दम तोड़ दिया। जबकि मुकेश पीजीआई में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। पुलिस का कहना है कि सेक्टर-20 थाने में प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक के भाई ने पुलिस की दी शिकायत में सड़क में गहरे गड्ढों को दुर्घटना की वजह बताया है।