नशे में धुत कार सवार ने सड़क पर कोहराम मचा दिया। एक्टिवा सवार को कुचलने के बाद भी गाड़ी नहीं रुकी तो दूसरी ओर खड़ी कारों को टक्कर मार दी, देखिए
घटना चंडीगढ़ की है, जहां नशे में धुत कार सवार ने सेक्टर-16/17 के लाइट प्वाइंट पर लाल बत्ती तोड़कर तेज रफ्तार से एक स्कूटी और दो कारों को टक्कर मार दी। सुबह 9:30 बजे हुए हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी पीजीआई में भर्ती है। मृतक की पहचान ठेकेदार और सेक्टर-41 निवासी ज्ञान मसीह (55 वर्ष) के तौर पर हुई है।
वहीं घायल बलौंगी, मोहाली का मदन लाल है। आरोपी कार चालक मोहाली सेक्टर-70 निवासी सत्यजोत (26 वर्ष) को लोगों ने मौके से भागते हुए दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसका मेडिकल कराकर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मेडिकल में शराब की पुष्टि हुई है।
घटनाक्रम के अनुसार सुबह 9:30 बजे एक तेज रफ्तार फॉरच्यूनर (पीबी-65 एडी 0100 नंबर) मटका चौक से क्रिकेट स्टेडियम चौक की ओर आ रहा था। कार को मोहाली निवासी सत्यजोत चला रहा था। सेक्टर-16/17 की विभाजित सड़क पर लाल बत्ती होने के बावजूद कार चालक ने कार तेजी से बढ़ा दी। उधर, दूसरी ओर से हरी बत्ती होने पर स्कूटी सवार ज्ञान मसीह और मदन लाल सेक्टर-17 प्लाजा की ओर मुड़ रहे थे। सत्यजोत की कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि स्कूटी को टक्कर मारने के बाद खंभे को तोड़ती हुई दूसरी तरफ खड़ी वरना और बाद में स्विफ्ट डिजायर कार से जा टकराई।
दोनों कारें बुरी तरफ क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि कार में बैठे लोग सुरक्षित बच गए। हुंडई वरना कार को मोहाली निवासी गुनजीत संधू चला रहे थे। वह सेक्टर-17 स्थित आर्किटेचर विभाग में काम करने वाली मां को आफिस छोड़ने आ रहे थे। वहीं डिजायर कार को सेक्टर-23 निवासी पवन सिंघला चला रहे थे। हादसे के बाद उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद काफी देर तक वह बदहवास रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें किसी तरह संभाला।