एक नौजवान, जो न तो बोल सकता है और न ही सुन सकता है, लेकिन डांस ऐसा करता कि देखने वालों की आंखें खुली रह जातीं। इस पर माधुरी दीक्षित भी फिदा हैं, जानिए कौन।
ये शख्स म्यूजिक सुने बिना सुर ताल मिलाता है और इस समय एक बड़ा शो जीतने की ओर कदम बढ़ा रहा है। आप सोच रहे होंगे कि बिना म्यूजिक सुने डांस कैसे संभव है। अरे, मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है।’ इस कहावत को सही साबित करने वाला शख्स है पंजाब के मोगा जिले के गांव कड़ियाल के रहने वाले 23 साल के प्रभदीप सिंह गिल।
प्रभदीप सिंह बोल और सुन नहीं सकते, लेकिन गानों की बीट पर उनके पांव इस तरह थिरकते हैं कि सबकी आंखें खुली की खुली रह जाती हैं। अक्षय कुमार ने प्रभदीप का डांस देखा तो वे हैरान ही रह गए। उन्होंने प्रभदीप को पांच लाख रुपये का पुरस्कार दिया और अब प्रभदीप शो का फाइनलिस्ट है। अपने हुनर के दम पर सभी कंटेंस्टेंट को कड़ी टक्कर देते हुए प्रभदीप ने शो के फिनाले में जगह बना ली है, जो 15 सितंबर को होगा।
प्रभदीप सिंह गिल की माता जसवीर कौर ने बताया कि वह टीवी पर औरों को डांस करते देखता था तो एक दिन खुद भी वैसे ही डांस स्टैप करने लगा। उसे देखकर मुझे भी हैरानी हुई, फिर उसके एक दोस्त ने समझाया कि वो देखकर डांस करता है। अब वह डांस सीखने की जिद करने लगा था तो 15 साल की उम्र में उन्होंने उसे मोगा के सोनू जैक्शन अकेडमी में डांस सीखने के लिए भेजा। उसके बाद तो प्रभदीप के पांव रुके ही नहीं। ऐसा लगा मानो उसके सपने को उड़ान मिल गई थी।
प्रभदीप अपने अब तक के सफर में पंजाब के कई शहरों में हुए कार्यक्रमों में ट्राफियां और मेडल जीत चुके हैं। ढाई माह पहले उन्होंने अमृतसर में डांस दीवाने के लिए ऑडिशन दिया था। सेलेक्ट होने के बाद उन्हें दिल्ली बुलाया गया और वहां भी प्रभदीप सेलेक्ट हो गया। इसके बाद मुंबई आ गया और हजारों प्रतिभागियों में से पहले 20 प्रतिभागियों में स्थान बनाया और अब वह शो के टॉप 5 कंटेस्टेंट में से एक है। तीनों जज उसके डांस के कायल हैं और लगातार उसे प्रोत्साहित करते रहते हैं।