बच्चे हंसते-खेलते घर जा रहे थे कि अचानक अनहोनी घट गई और तीन बच्चों की जान चली गई। हादसे का असली सच सामने आया है जानिए।
हरियाणा के चरखी दादरी में दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग पर सोमवार दोपहर एक स्कूल की बस और डंपर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन बच्चों और चालक-परिचालक समेत 5 लोगों की मौत हो गई। 14 बच्चों को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। स्कूल बस बीएसवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
स्कूल की छुट्टी के बाद 18 बच्चे अपने गांव अचीना और भागेश्वरी जा रहे थे। बस बिगोवा अप्रोच रोड व अचीना ताल के बीच पहुंची थी कि क्रशर से भरे डंपर के साथ सीधी टक्कर हो गई। हादसे में 40 वर्षीय परिचालक राकेश, भागेश्वरी निवासी 6 वर्षीय कक्षा द्वितीय छात्र ऋषभ, अचीना निवासी 15 वर्षीय 11वीं कक्षा का छात्र सोनू, भागेश्वरी निवासी 3 वर्ष एलकेजी छात्रा निकिता की मौत हो गई।
करनाल निवासी डंपर चालक अशोक कुमार पर केस दर्ज किया गया है। वहीं हादसे में घायल अचीना निवासी 8 वर्षीय हर्ष, 9 वर्षीय इशांत, 9 वर्षीय नवीन, 7 वर्षीय प्रतीक, 12 वर्षीय मुकुल, 15 वर्षीय अभिषेक, 13 वर्षीय दीपावली, 7 वर्षीय हितेष, 13 वर्षीय दक्ष, 13 वर्षीय दीक्षा, 14 वर्षीय अभिषेक, 16 वर्षीय दीपक व भागेश्वरी निवासी 16 वर्षीय रोहित को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
वहीं पूछताछ के दौरान, हादसे में घायल छात्र नवीन ने बताया कि अंकल बस को बहुत तेज चला रहे थे। बस जब कार को ओवरटेक कर रही थी तभी सामने से तेजी से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। हम बार-बार बस वाले अंकल को बस को धीमा चलाने को कह रहे थे। मगर वह बार-बार यहीं कह रहा था कि बस की टाकर लाग्गी तो मरै णा कोई सा बी। इसके बाद अचानक आंखों के आगे अंधेरा छा गया।