शादी को कुछ दिन बचे थे कि ऐन मौके पर मंगेतर और उसकी मां ने एक ऐसी हरकत कर दी कि लड़की को झटका लगा और उसने जीवनलीला समाप्त कर ली। अब मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, मामला काफी अजीब है।
हरियाणा के यमुनानगर में रादौर निवासी 24 वर्षीय एक युवती सुमन ने मंगेतर और उसकी मां के तंज से आहत होकर जहरीला पदार्थ निगल कर सुसाइड कर लिया। डेढ़ माह पहले ही युवती की कुरुक्षेत्र के छलौंदी गांव निवासी अंकित से सगाई व रोका हुआ था। रिश्ता पक्का होने के बाद अंकित व सुमन फोन पर बातचीत करने लगे। आरोप है कि अंकित ने युवती को मिलने की बात कही। युवती ने जब उसे मिलने से मना किया तो आरोपी ने उसे रिश्ता तोड़ने और उसकी फोटो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी।
जब लड़़की के परिजनों ने यह बात लड़के की मां को बताई तो उसने कड़वे बोल बोलते हुए कहा कि यह लड़की तो ऐसी लगती है, जैसे की दो बच्चों की मां हो। लड़की ने जब यह बात सुनी तो वह डिप्रेशन में चली गई और उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। शहर के निजी अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने युवती के मंगेतर व उसकी मां पर आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाया। शनिवार दोपहर बाद युवती का गांव जठलाना में अंतिम संस्कार किया गया।
मंगेतर मिलने का दबाव डाल रहा था
जठलाना निवासी सुखबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है। उसके भाई रामकर्ण की लड़की सुमन (24) का रिश्ता कुछ माह पहले कुरुक्षेत्र जिले के लाड़वा थाना के गांव छलौंदी निवासी अंकित के साथ किया था। 17 जून को दोनों की सगाई व रोका हुआ था। इसके करीब 10-15 दिन बाद अंकित ने सुमन को तंग करना शुरू कर दिया। आरोपी अंकित लड़की सुमन को कहने लगा कि मेरे पास नहीं आई तो मैं रिश्ता तोड़ दूंगा। मेरे पास तेरी जो फोटो है उसे नेट पर डाल दूंगा।
सास ने भी कसा तंज
यह बात उसकी भतीजी ने उसे व अपने पिता-माता को बताई। हमने यह बात बिचौलिये को बताई। ताकी यह रिश्ता बने रहे। परंतु उसके बाद भी अंकित नहीं माना और बार-बार मेरी भतीजी सुमन के पास फोन करता रहा है। जब हमने इस बात के बारे में उसकी माता से बात की। तब अंकित की मां ने कहा की यह लड़की तो ऐसी लगती है। जैसे की दो बच्चों की मां लगती हो।