हरियाणा के कैथल जिले के गांव तितरम का माहौल मंगलवार (14 जनवरी) को बेहद शानदा रहा। गांव वासी भी अलग माहौल में नजर आएं। पूरा गांव जश्न और जोश में डूबा था। इसकी वजह अमेरिका से आए शोधार्थी थे। अमेरिका से आए छात्रों ने गांव तितरम की महिलाओं और बेटियों के साथ कई खेलों में भाग लिया। इस दौरान पूरा माहौल बेहद खुशनुमा था। आइए देखते हैं प्रतियोगिता के दौरान की कुछ बेहतरीन तस्वीरें...
मंगलवार सुबह 10 बजे गांव तितरम का मुकाबला अमेरिका के साथ शुरू हुआ। अमेरिका से आए शोधार्थी गांव की महिलाओं और खिलाड़ियों के बीच कई रोचक खेल में भाग लिया। ये खेल प्रतियोगिता देखने दूर-दूर से लोग आए थे और अपने साथ बेहतरीन यादें संजो कर ले गए। इन सभी मुकाबलों में अधिकतर हरियाणा के तितरम गांव ने जीत दर्ज की।
अमेरिका की बीथल यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच सुबह 10 बजे से शुरू हुए मुकाबले तीन बजे तक हुए। सभी ने उत्साह के साथ इन मुकाबलों का लुत्फ उठाया। मटकी दौड़ मुकाबले में अमेरिका से आई जरीना प्रथम रहीं। वहीं मटका रेस महिलाओं में निर्मला प्रथम, सीमा दूसरे व सरोज तीसरे स्थान पर रही। 100 मीटर रेस के मुकाबले में अमेरिका से आई ताना ने प्रथम, वाडा द्वितीय और जैसमीन तृतीय रही।
गांव तितरम के बुजुर्ग 100 मीटर दौड़ के मुकाबले में मिया प्रथम, जिला सिंह दूसरे व राजकुमार तीसरे स्थान पर रहा। रस्साकसी में गांव की महिलाओं की टीम ने अमेरिकी विद्यार्थियों की टीम को चारों खाने चित कर दिया। मटका दौड़ में भी अमेरिकी विद्यार्थियों की दौड़ देखने लायक थी। उन्हें चूंकि इस खेल का अभ्यास नहीं था तो मटका रेस में एक हाथ छोड़कर दौड़ में भाग लेने की अनुमति दी गई।
भारी संख्या में उमड़ी भीड़: मुकाबलों को देखने के लिए पूरे गांव से महिलाओं, बच्चों व युवाओं सहित बुजुर्गों की भीड़ उमड़ पड़ी। अमेरिकी विद्यार्थी जब देशी खेलों में भाग ले रहे थे तो लोग उन्हें बड़ी उत्सुकता से देख रहे थे। कोई सेल्फी ले रहा था तो कोई इन बेहतरीन पलों को अपने कैमरे में कैद करते दिखा।