एयर इंडिया ने देश की आर्म्ड फोर्सिस यानी आर्मी, एयरफोर्स और नेवी के अफसरों को बड़ा झटका देते हुए एक खास सुविधा बंद कर दी है, जानिए आखिर क्या और क्यों?
दरअसल, एयर इंडिया ने थल, वायु व जल सेना के लिए ऑनलाइन रियायती टिकट सुविधा बंद कर दी है। अब सेना के किसी भी अफसर व जवान को यदि इस सुविधा का लाभ लेना है तो उसे एयर इंडिया सिटी कार्यालय या एयरपोर्ट टिकटिंग कार्यालयों तक खुद जाना होगा। इस व्यवस्था को बीते दिन एयर इंडिया अथॉरिटी ने लागू कर दिया है। यह सुविधा लंबे समय से एयर इंडिया वेबसाइट पर मौजूद थी, लेकिन अब इसे हटा दिया गया है।
सेना के अफसर व जवान सुविधा अनुसार अपने पहचान पत्र के आधार पर एयर इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन दी गई रियायती टिकट सुविधा का लाभ ले लेते थे। मगर सूत्रों ने बताया कि अब पिछले कुछ समय से इस सुविधा के दुरुपयोग की शिकायतें आने लगी थीं। यानी सैन्य अफसरों व जवानों और उनके आश्रितों के लिए दी गई इस रियायती टिकट सुविधा का लाभ उनके पहचान पत्र पर दूसरे लोग भी लेने लगे थे। इससे राजस्व नुकसान होने लगा।
बता दें कि एयर इंडिया आर्म्ड फोर्सिस को टिकट के बेसिक फेयर में 50 फीसदी छूट देता है। यह सुविधा उन सैन्य अफसरों व जवानों के लिए है, जो अभी आर्म्ड फोर्सिस में सेवारत हैं। इस सुविधा के दायरे में उन परआश्रित पत्नी, मां-बाप व 12 से 26 साल के अविवाहित बच्चे शामिल हैं। इसके लिए सैन्य स्टाफ के पास सेना की ओर से जारी पहचान पत्र और फेमिली मेंबर डिपेंडेंट कार्ड होना अनिवार्य है। यह सुविधा केवल इंडिया में ही कहीं भी एयर ट्रेवल के लिए लागू होती है। इस रियायती टिकट की मान्यता जारी होने के एक साल तक रहती है।
शिकायत में नाराज सैन्य अफसर ने खड़े किए सवाल
इस बारे में एक सैन्य अफसर ने मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन को शिकायत पत्र भेजकर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने पूछा है कि इंडिया आर्म्ड फोर्स सुदूर व दुर्गम क्षेत्रों में तैनात है। बताएं क्या वहां एयर इंडिया के सिटी कार्यालय हैं? अमूमन सिटी कार्यालय 300 से 500 किमी दूर हैं। जैसलमेर में सेना की यूनिट है और सिटी कार्यालय है जोधपुर में (300 किमी दूर)। क्या टिकट के लिए इतनी दूर जाना पड़ेगा?