कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर दिल्ली-हरियाणा बार्डर पर धरना लगाए बैठे किसानों को अब कलाकारों का भी समर्थन मिलने लगा है। अन्नदाता के हक में कलाकार आवाज बुलंद कर रहे हैं। बहादुरगढ़ के टीकरी बार्डर पर पंजाब-हरियाणा के कलाकारों ने किसानों को जीत का भरोसा दिलाया और उनसे एकता बनाए रखने की अपील की।
अन्नदाता के हक में आए कलाकार, साधा सरकार पर निशाना, किसानों की जीत को बताया निश्चित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कई जगह किसानों से मिले सिंगर केडी
मशहूर हरियाणवी गायक कलाकार हरियाणवी गायक केडी (कुलदीप दनोदा) अपने 10-12 साथियों के साथ बहादुरगढ़ पहुंचे। उन्हें देखते ही प्रशंसकों की भीड़ जमा हो गई। केडी ने सेक्टर-9 मोड़ से बाईपास मोड़ तक कई स्थानों पर किसानों की टोलियों के बीच खड़े होकर बातचीत की और किसानों की मांगों को जायज बताते हुए उनका समर्थन किया। केडी ने कहा कि किसान को अन्याय की आशंका है तो उस आशंका को दूर किया जाना चाहिए।
एक रहेंगे तो जरूर जीतेंगे : रूपिंदर हांडा
पंजाबी सिंगर रूपिंदर हांडा भी अपने साथियों के साथ कड़ी सुरक्षा में टीकरी बार्डर पहुंची। उनको देखते हुए पंजाब से आए किसानों का हुजूम उमड़ पड़ा। रूपिंदर को सुरक्षा के साथ टीकरी बार्डर पर लगे मंच तक ले जाया गया। उन्होंने धरना दे रहे किसानों को मंच से संबोधित किया। रूपिंदर ने आंदोलनकारी किसानों से एक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर एकता के साथ आंदोलन चलता रहा तो दुनिया की कोई भी ताकत हमारी मांगों को पूरी होने से नहीं रोक सकती।
असफलता का सवाल ही नहीं : सिद्धू मूसेवाला
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला ने टीकरी बार्डर पहुंचकर किसानों में जोश भर दिया। उन्होंने कहा कि किसान वो ताकत है जो नाइंसाफी के सामने कभी नहीं झुक सकती और जिस आंदोलन में पंजाब के किसान शामिल हों उसके असफल होने का सवाल ही पैदा नहीं होता। मूसेवाला ने कहा कि किसान की खुशहाली से ही देश खुशहाल हो सकता है। सरकार को काम तो ऐसे करने चाहिए कि किसानों को आंदोलन जैसे कदम उठाने ही न पड़ें। किसान के भले में ही सबका भला है।
हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के पति हरियाणवी कलाकार वीर साहू भी अपने साथियों के साथ बहादुरगढ़ में आंदोलनकारी किसानों के बीच पहुंचे। किसानों से बातचीत करते हुए उन्होंने देश में किसानों की बेकद्री पर चिंता जताई और कहा कि किसानों को मजबूर होकर आंदोलन करना पड़ रहा है। आंदोलनकारी किसानों के प्रति समर्थन जताते हुए वीर ने कहा कि खेती किसानी की भलाई के लिए किसान ने झंडा उठा लिया है तो अब जीत निश्चित है।