UP: शौच करने गए तीन साल के बच्चे की गड्ढे में गिरकर पानी में डूबने से मौत, हादसे के पीछे मानी जा रही ये वजह
इंदिरापुरम पुलिस ने शाम के समय सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से बात की। तब पुलिस को पता चला कि हादसा सुबह 11 बजे का था। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए बच्चे को हिंडन घाट के पास दफना दिया।
विस्तार
गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित मकनपुर में सोमवार सुबह 11 बजे मैदान में बनी झुग्गियों के पीछे तीन साल के बच्चे की गड्ढे में गिरकर पानी में डूबने से मौत हो गई। मासूम किसी को बिना बताए शौच करने झुग्गी से निकल गया था। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश किया। करीब एक घंटे बाद गड्ढे में पानी के ऊपर मासूम का शव तैरता देखकर मां और अन्य परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने पुलिस को हदसे की कोई सूचना नहीं दी। परिजन पैर फिसलने से हादसा होना मान रहे हैं।
बिहार के मधुबनी में रहने वाले धर्मेंद्र ने बताया कि वह भाई जितेंद्र के परिवार के साथ मकनपुर में झुग्गी बनाकर रहते हैं। जितेंद्र बेंगलुरु स्थित एक कैंटीन में खाना बनाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे भाई का सबसे छोटा बेटा अंशू अकेला ही घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच गड्ढे पर शौच करने चला गया। कुछ देर बाद काम करके घर पर भाभी मंजू देवी पहुंचीं तो उन्हें बच्चा नहीं दिखा। वह उसे खाना खिलाने के लिए आवाज देने लगीं। काफी देर तक जब मासूम की कोई आवाज नहीं सुनी तो उन्हें अनहोनी होने का शक हुआ।
उन्होंने अन्य परिजनों से तुरंत बेटे को तलाशने के लिए कहा। वह भी भतीजे को आसपास तलाश करने लगे। काफी तलाश करने पर भी जब मासूम का कुछ पता नहीं चला तो झुग्गियों से निकलने वाले गंदे पानी के गड्ढे को देखा गया। वहां मासूम अंशू का शव पानी पर तैरता देखकर उनकी चींख निकल गई। पड़ोसी मुन्ना आसपास के लोगों की मदद से गड्ढे में उतरा। तुरंत अंशू को पानी से बाहर निकाला। परिजन उसे पास के निजी अस्पताल ले गए लेकिन वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को नहीं दी परिजनों ने हादसे की सूचना
इंदिरापुरम पुलिस ने शाम के समय सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से बात की। तब पुलिस को पता चला कि हादसा सुबह 11 बजे का था। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए बच्चे को हिंडन घाट के पास दफना दिया। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि मामले की कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। परिजनों ने मासूम को दफना दिया था।