{"_id":"67adf3c9cf9b85fd2904759b","slug":"sehore-news-there-will-be-parking-in-100-acres-at-14-places-at-kubereshwar-dham-auto-fare-fixed-for-kubereshwar-dham-from-bus-stand-and-station-sehore-news-c-1-1-noi1381-2623571-2025-02-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sehore news: कुबेरेश्वर धाम पर 14 स्थानों पर 100 एकड़ में होगी पार्किंग, धाम तक आने के लिए ऑटो का किराया तय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sehore news: कुबेरेश्वर धाम पर 14 स्थानों पर 100 एकड़ में होगी पार्किंग, धाम तक आने के लिए ऑटो का किराया तय
Thu, 13 Feb 2025 09:50 PM IST
सीहोर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
Published by: सीहोर ब्यूरो
Updated Thu, 13 Feb 2025 09:50 PM IST
सार
कुबेरेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर्व पर शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या को देखते हुए कथा स्थल के नजदीक 14 स्थान पर 100 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
कलेक्टर ने कलेक्टर सभा कक्ष में ली बैठक
विस्तार
आगामी 25 फरवरी से कुबेरेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर्व पर शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस कथा में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कथा को लेकर चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या को देखते हुए कथा स्थल के नजदीक 14 स्थान पर 100 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसी के साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वर धाम के लिए ऑटो का किराया निर्धारित कर दिया गया है। बिजली,पानी, चिकित्सा के लिए भी प्रबंध किए गए हैं।
विज्ञापन
कथा के संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर बालागुरु के. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर बालागुरु के., एसपी दीपक कुमार शुक्ला तथा जिला पंचायत सीईओ डॉ. नेहा जैन ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर बालागुरु के ने व्यवस्था के लिए पर्याप्त अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए उन्हें समय पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों को भली-भांति समझने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
कलेक्टर बालागुरु के ने कथा के दौरान बेहतर इंतजाम करने एवं लोगों की सुरक्षा के साथ ही नेशनल हाईवे पर आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए मार्ग परिवर्तित करने तथा वैकल्पिक मार्ग तथा हेलीपैड स्थल के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कथा के दौरान पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, अस्थाई शौचालय, पार्किंग, हेल्थ कैम्प, आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, कन्ट्रोल रूम, सहायता केंद्र, मार्ग मरम्मत सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने कथा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। बैठक में एडिशनल एसपी गीतेश गर्ग, एसडीएम तन्मय वर्मा, सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत, विठ्ठलेश्वर समिति के समीर शुक्ला सहित पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
विज्ञापन
खाद्य पदार्थों की होगी जांच
बैठक में कलेक्टर बालागुरु के. ने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि कुबेरेश्वर धाम स्थित दुकानों में विक्रय होने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की निरंतर जांच की जाए तथा मिलावट या अमानक पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए जो भोजन बनाया जाएगा, उसकी फूड इंस्पेक्टर द्वारा समय समय पर जांच की जाए।
कुबेरेश्वर धाम के लिए ऑटो का किराया निर्धारित
बस स्टैंड एवं रेलवे स्टैंड से कुबेरेश्वर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं से अधिक किराया वसूल न किया जाए। इसके लिए ऑटो का किराया निर्धारित किया गया है। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी रीतेश तिवारी ने जानकारी दी कि गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी बस स्टैंड से कुबेरेश्वर धाम तक 25 रुपये प्रति सवारी तथा रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वर धाम तक का किराया 30 रुपये प्रति सवारी किराया निर्धारित किया गया है। कुबेरेश्वर धाम आने जाने वाले ऑटो के लिए पृथक पार्किंग स्थल होगा।
पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था एवं मिनी आईसीयू स्थापित करने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर बालागुरु के. ने आयोजन स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ को चिकित्सा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने एवं आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस मय स्टाफ के साथ जीवन रक्षक एवं आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कथा स्थल पर मिनि आईसीयू स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
14 स्थानों पर 100 एकड़ में होगी पार्किंग
कलेक्टर बालागुरु के. ने आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की अत्यंत भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए शहर के मुख्य स्थल जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य पहुंच मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आयोजन स्थल एवं आसपास कंट्रोल रूम स्थापित करने एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए डाइवर्जन रूट पर बैरिकेड्स लगाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्याप्त संख्या में डायवर्जन के लिए फ्लेक्स लगाएं तथा एक अनाउंसमेंट डेस्क स्थापित कर कर्मचारियों की 24 घंटे शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि कुबेरेश्वर धाम तथा आसपास के 14 स्थानों पर लगभग 100 एकड़ भूमि पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
पर्याप्त पेयजल, सुरक्षित बिजली व्यवस्था एवं स्वच्छता संबंधी निर्देश
बैठक में कलेक्टर बालागुरु के. ने कुबेरेश्वर धाम परिसर तथा आसपास यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि विद्युत लाइन, केबल तथा पोल कहीं से क्षतिग्रस्त न हों तथा विद्युत विभाग की टीम को एक्टिव मोड पर रखा जाए। उन्होंने संपूर्ण कार्यक्रम स्थल पर बिजली के कनेक्शन अलग, सुरक्षित तथा नो मेन जोन की व्यवस्था के साथ ही विद्युत कर्मचारियों की 24 घंटे शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल तथा आसपास भीड़ अत्याधिक होने पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए अस्थाई चलित शौचालयों की व्यवस्था तथा आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्थाई शौचालयों एवं कचरा ढोने वाले वाहनों की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल की व्यवस्था के लिए पीएचई, जनपद पंचायत तथा नगर पालिका को समन्वय स्थापित कर आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में प्याउ टोंटी युक्त नल कनेक्शन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

सीहोर। कलेक्टर ने कलेक्टर सभा कक्ष में ली बैठक तथा एसपी ने किया कुबेरेशबर धाम का निरीक्षण।
