भोपाल: 13 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या, आरोपी को फांसी की मांग को लेकर लोगों ने थाना घेरा
भोपाल के बैरागढ़ में 12 वर्षीय बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित वीरान खंडहर में मिला। बच्ची गुरुवार रात घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
विस्तार
राजधानी के बैरागढ़ में 13 साल की मासूम के साथ दरिंदगी और फिर उसकी हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ बाजार के पीछे खंडहर इमारत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने दरिंदगी के पहले बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। बच्ची को निर्वस्त्र कर कपड़े सीढ़ी पर फेंक दिए थे और लाश को तीसरी मंजिल पर कंबल में छिपाकर टेबल के नीचे छिपा दिया था। जघन्य हत्या व दुष्कर्म से गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव किया और आरोपी को फांसी देने की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी 23 वर्षीय मुईन बेग को गिरफ्तार कर लिया। वह भी बैरागढ़ क्षेत्र में रहता है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपी को फांसी देने और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, बच्ची बैरागढ़ क्षेत्र की एक झुग्गी बस्ती में अपने माता-पिता और दो भाई-बहनों के साथ रहती थी। उसका परिवार पन्नी बीनकर गुजर-बसर करता है।
रात आठ बजे आखरी बार दिखी थी बच्ची
गुरुवार रात करीब आठ बजे बच्ची बैरागढ़ बाजार में परिजनों को आखिरी बार दिखाई दी थी। इसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर बच्ची की तलाश की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो रात करीब एक बजे वे बैरागढ़ थाने पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू करते हुए बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए।
ये भी पढ़ें- परिवार संग सो रही दो साल की बच्ची का अपहरण कर बदमाश ने किया दुष्कर्म, चीखी तो रेत में दबा दिया सिर
सीसीटीवी में आरोपी के साथ जाती दिखी बच्ची
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में बच्ची आरोपी मुईन बेग के साथ जाती दिखाई दी। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे आरोपी बच्ची को बाजार के पास स्थित एक खंडहरनुमा इमारत में ले गया था। वहीं उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अब घटनाक्रम की कड़िया जोड़ने के साथ वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
लाश ठिकाने लगाने पहुंचा तो पकड़ा गया
शुक्रवार को आरोपी दोबारा उसी इमारत के पास दिखाई दिया। इस दौरान दूसरी मंजिल की सीढ़ियों पर बच्ची के कपड़े पड़े देखकर परिजनों को संदेह हुआ। वे इमारत के भीतर पहुंचे और तलाश करते हुए तीसरी मंजिल तक गए, जहां कंबल में लिपटा बच्ची का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मुईन को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस की सर्चिंग बढ़ते ही मुईन लाश को ठिकाने लगाने खंडहर में पहुंचा था। एडीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि शव को पीएम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया गया है। बच्ची के साथ गलत होना प्रतीत हो रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
बैरागढ़ थाने पहुंचे गुस्साए लोग
दुष्कर्म के बाद हत्या की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बैरागढ़ थाने पहुंचकर विरोध जताया और आरोपी को फांसी देने की मांग की। शुक्रवार शाम करीब चार बजे से थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।
वाहनों में तोड़फोड़ की गई
आरोपी की गिरफ्तारी और बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आने के बाद परिजन और कॉलोनी के लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने थाने आसपास खड़ी गाड़ियों और सामानों में तोड़फोड़ भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले से ही थाने में अतिरिक्त बल लगाया गया था, लेकिन प्रदर्शन शुरू होते ही आसपास के थानों से बल भेजा गया। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। भीड़ पुलिस अधिकारियों की बात सुनने को तैयार नहीं थी वह आरोपी को उसे सौंपने की मांग करने लगी इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने समझाइश देकर पूरे मामले को शांत कराया। अधिकारियों ने जब इस बात का जिक्र किया कि गंभीरता के साथ इस मामले को अदालत में रखा जाएगा और पूरी कोशिश की जाएगी कि आरोपी को फांसी की सजा मिले इसके बाद परिजन शांत हुए।
खंडहर है अनैतिक कृत्यों का अड्डा
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिस खंडहर में मासूम बच्ची की लाश मिली है वह अपराधियों का अड्डा बना हुआ है। उस खंडहर इमारत में अनैतिक गतिविधियों के चलने और अपराधियों के शरण स्थल के रूप में भी जाना जाता है। मौके से पुलिसकर्मियों को कुछ संदिग्ध सामग्री और लोहे की रॉड भी मिली है।
