मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिपरिषद के पहले विस्तार में 18 नए चेहरों को अपनी टीम में शामिल किया है। साथ ही मौजूदा मंत्रिपरिषद के पांच सदस्यों को पदोन्नति मिली है। इनमें से चार को कैबिनेट मंत्री व एक को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। कैबिनेट मंत्री के रूप में दो, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में पांच तथा राज्यमंत्री के रूप में 11 नए चेहरों को योगी की नई टीम में जगह मिली है।
राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने छह कैबिनेट, छह राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व 11 राज्यमंत्रियों (कुल 23) को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन समेत सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
इन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली
कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में डॉ. महेंद्र सिंह, सुरेश राणा, अनिल राजभर, भूपेंद्र सिंह चौधरी, रामनरेश अग्निहोत्री, कमलरानी वरुण शामिल हैं। इनमें राम नरेश अग्निहोत्री व कमलरानी नया चेहरा हैं।
इन्हें बनाया गया राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
बतौर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शपथ ग्रहण करने वालों में डॉ. नीलकंठ तिवारी, कपिलदेव अग्रवाल, सतीश द्विवेदी, अशोक कटियार, श्रीराम चौहान, रविंद्र जायसवाल शामिल हैं।
11 विधायक बने राज्यमंत्री
राज्यमंत्री के रूप में अनिल शर्मा, महेश गुप्ता, आनंद स्वरूप शुक्ला, डॉ. गिर्राज सिंह धर्मेश, लाखन सिंह राजपूत, नीलिमा कटियार, चौधरी उदयभान सिंह, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, रामशंकर सिंह पटेल, अजित सिंह पाल और विजय कश्यप ने शपथ ली।