आप भी देखिए रेलवे स्टेशनों पर मिलने वाले खाने की हकीकत
रेलवे बोर्ड रेल यात्री सेवा समिति ने बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे के गोमतीनगर, बादशाहनगर, चारबाग और लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशनों का दौरा किया।
टीम ने स्टेशन परिसर में स्थित खानपान स्टॉल, बुकिंग हॉल, वेटिंग हॉल, पीने के पानी की स्थिति, रिटायरिंग रूम, ओवरब्रिज, जनाहार का जायजा लिया।
समिति ने चारबाग स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक डिप्टी एसएस ऑफिस के सामने एक्सपायरी डेट के पैकेट में भोजन बिकते देखा तो अफसरों को फटकारा।
वहीं, खानपान स्टॉल व स्टेशन परिसर स्थित फूड प्लाजा पर जनता खाना न मिलने और खराब खाने की गुणवत्ता देख समिति के सदस्य नाराज हुए। समिति ने अफसरों की शिकायत रेलवे बोर्ड में करने की चेतावनी भी दी।
समिति के सदस्य कैलाश नाथ शर्मा के नेतृत्व में दिलीप पांडेय, राजेश सिंह एवं यात्री सेवा समिति के अध्यक्ष के निजी सहायक पंचम लाल विशेष रूप से शामिल रहे।
लखनऊ जंक्शन के निरीक्षण के दौरान टीम ने अधिकारियों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के साथ ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रेलवे अफसर नीलिमा सिंह, अरविंद शर्मा, जितेंद्र कुमार, पीके सिंह समिति के सदस्यों के साथ थे।
गंदगी देख अफसरों की लगाई क्लास
समिति ने टर्मिनल बनने की तैयारियों के सिलसिले में गोमतीनगर स्टेशन का भी दौरा किया। इस दौरान सदस्यों ने यहां यात्री सुविधाओं में इजाफा कराने की रूप रेखा भी तैयार की।
समिति ने अधिकारियों से गोमतीनगर स्टेशन पर एलईडी डिस्प्ले बोर्ड, एलईडी प्रकाश व्यवस्था व शीतल पेयजल की उपलब्धता तय करने के लिए भी अधिकारियों को सुझाव दिए।
बादशाहनगर रेलवे स्टेशन का भी दौरा कर टीम ने वहां भी अधिकारियों से और ज्यादा तादाद में वाटर कूलर लगाने पर जोर दिया। रेल यात्री सेवा समिति के सदस्यों के निरीक्षण के बाद अब राजधानी के रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में जल्दी ही इजाफा करने के साथ ही उनकी गुणवत्ता में भी सुधार किया जाएगा।
चारबाग के दौरे पर पहुंचे समिति के सदस्य स्टेशन परिसर में गंदगी एवं परिसर स्थित फूड प्लाजा पर जनता खाना उपलब्ध न होने पर भड़क गए।
जिस पर अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके साथ ही समिति ने अधिकारियों से समय-समय पर फूड प्लाजा के खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने के भी निर्देश दिए।