यूपी: प्रदेश में सर्दी की एंट्री, पछुआ हवाओं से बढ़ेगा कोहरा, दो-तीन डिग्री गिरेगा पारा; जानें कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के चलते ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने मंगलवार से तराई समेत कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। अगले दो से तीन दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है। लखनऊ में रात का पारा 3.8 डिग्री गिरा।
विस्तार
प्रदेश में पछुआ हवाओं के चलने से ठंड का असर बढ़ने लगा है। रविवार को पूर्वांचल और दक्षिणी यूपी के कुछ जिलों में बूंदाबांदी के बाद सोमवार को हवा की रफ्तार बढ़ी तो धूप की तपिश भी कम हो गई। ज्यादातर इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से तराई समेत प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सुबह मध्यम से घना कोहरा छा सकता है, हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटने की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में ठंडी पछुआ हवाओं के असर से दिन और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात में ठंड बढ़ेगी।
तराई समेत प्रदेश के कई इलाकों में कोहरे का असर भी बढ़ सकता है। सोमवार को मुरादाबाद में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, हरदोई में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
लखनऊ में रात का पारा 3.8 डिग्री गिरा
राजधानी में पछुआ हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है, लेकिन प्रदूषण से पूरी राहत नहीं मिली है। सोमवार को हवा का रुख बदलने के साथ रात के तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दिन में भी धूप की तपिश कम रही और अधिकतम तापमान दो डिग्री नीचे आ गया। दूसरी ओर, वायु गुणवत्ता के आंकड़ों में मिला-जुला असर दिखा। तीन मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा अच्छी श्रेणी में रही, जबकि तीन जगह एक्यूआई मध्यम स्तर पर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में ठंडी पछुआ हवाओं के चलते तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि, यह सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा।
तीन इलाकों में हवा अच्छी, तीन में मध्यम
सोमवार को पछुआ हवाओं के असर से लखनऊ के तीन मॉनिटरिंग स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) अच्छी श्रेणी में दर्ज किया गया। वहीं, गोमतीनगर, अलीगंज और लालबाग में हवा मध्यम श्रेणी में रही।
