स्मृति ईरानी को यूपी का सीएम उम्मीदवार घोषित करने की मांग
राहुल गांधी को कड़ी चुनौती देने के बाद अमेठी में लगातार सक्रिय केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी को अब यूपी में भाजपा का सीएम उम्मीदवार प्रोजेक्ट करने की मांग उठने लगी है।
मंगलवार को सलोन में जनसभा में कार्यकर्ताओं ने आवाज उठाई तो मंच से पूर्व मंत्री दलबहादुर कोरी ने लोगों से कहा कि वे दीदी को विधायक बनाएं, ताकि वे प्रदेश की अगली सीएम बन सकें। हालांकि स्मृति ने उन्हें टोका कि सांसद बनाने की बात कहो। तब कोरी ने कहा, सांसद नहीं, विधायक बनाकर सूबे का सीएम बनाना है। भीड़ ने उनके समर्थन में तालियां बजाईं।
एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आईं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को गौरीगंज की जनसभा में कहा कि राहुल गांधी बदलाव नहीं बदले की राजनीति करते हैं। उन्होंने दावा किया कि बीते दस साल में अमेठी विकास को तरस गया।
राहुल गांधी कर रहे हैं बदले की राजनीति
स्मृति ने राहुल गांधी पर बदलाव नहीं बदले की राजनीति का आरोप लगाया। केंद्र से एक रुपया भेजने पर जनता तक दस पैसे ही पहुंचने वाले पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसा कांग्रेस के ही राज में होता था। आज मोदी सरकार में जनता का एक-एक पैसा उसके पास पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि हमने राहुल गांधी को आमंत्रित किया कि अमेठी के लिए मिलकर काम करें लेकिन कोई जवाब नहीं आया।
उन्होंने कहा कि ऊंचाहार से अमेठी तक रेल लाइन बिछाने का जो वादा कांग्रेस चार दशक से करती रही है, उसे भाजपा ने एक वर्ष में पूरा किया। रायबरेली से अमेठी रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के लिए 40 करोड़ की पहली किस्त आवंटित करने की बात हो या गौरीगंज स्टेशन के प्लेटफार्म के उच्चीकरण का मसला, सब भाजपा सरकार ने पूरा किया।
25 हजार महिलाओं की भरेंगी पहली किस्त
स्मृति ने कहा कि वे दीपावली के पहले एक बार फिर अमेठी आएंगी। तब वे अमेठी के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में 25 हजार महिलाओं का भी प्रधानमंत्री जन सुरक्षा बीमा योजना के तहत फॉर्म भरवाकर उनकी पहली पॉलिसी जमा करेंगी।