प्रधान के पति को जिंदा जलाया: परिजनों की मांगों के आश्वासन पर किया गया अंतिम संस्कार, ग्रामीणों में आक्रोश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेठी जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के बन्दोईया गांव में दबंगों द्वारा प्रधान के पति को अगवा कर जिंदा जलाकर मार दिए जाने के बाद परिजनों के साथ ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इन परिस्थितियों के बीच शनिवार सुबह मृतक का अंतिम संस्कार पुलिस व राजस्व टीम की मौजूदगी में परिजनों ने मांगों के आश्वासन पर किया। घटना स्थल की सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
गुरुवार रात मुंशीगंज थाना क्षेत्र के बन्दोईया गांव के प्रधान के पति को अगवा करने के बाद पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया था। गंभीर रूप से झुलसे प्रधान के पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। एसपी दिनेश सिंह के अनुसार ग्राम प्रधान की तहरीर पर नाबालिग समेत पांच नामजद आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। इनमें से नाबालिग के अलावा कृष्ण कुमार त्रिपाठी, संतोष कुमार त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रहा है।
शुक्रवार को पूरे दिन मृतक के घर जिले के पुलिस अधिकारियों ,राजस्व टीम, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित भीम आर्मी पार्टी व भारी संख्या में ग्रामीणों का तांता लगा रहा। लोगों के बीच यह बात भी फैली की मृतक की मृत्यु से पूर्व का कोई ऑडियो भी वायरल हुआ है जिसमें वह एक नाबालिग सहित पांच लोगों का नाम भी बता रहा है।
'शुक्रवार को ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार कराये जाने से इंकार कर दिया था'
मामला गहराते देख पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कराना चाहा लेकिन परिजनों ने अपनी मांगों को पूरी होने से पहले अंतिम संस्कार को मना कर दिया। परिजनों व भीम आर्मी पार्टी के लोगों ने अधिकारियों के सामने परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने के साथ शस्त्र लाइसेंस, पांच लाख किसान बीमा, आठ लाख बारह हजार एस सी, एस टी एक्ट की अनुग्रह राशि, तीन बीघे जमीन व अभियुक्तों की गिरफ्तारी आदि की मांग की।
उच्चाधिकारियों ने परिजनों की समस्त मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया व शुक्रवार शाम तक ही नाबालिग समेत पांचों अभियुक्तों में तीन अभियुक्त गिरफ्तार भी कर लिए।
गांव के ही बाग में किया गया अंतिम संस्कार
शनिवार सुबह परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार गांव के ही बाग में किया गया। मौके पर उपजिलाधिकारी अमेठी योगेंद्र सिंह, तहसीलदार अमेठी, कानून गो, लेखपाल व सी ओ सन्तोष सिंह, कोतवाली अमेठी प्रभारी श्याम सुंदर, कोतवाली गौरीगंज प्रभारी अरुण कुमार, फुरसत गंज प्रभारी प्रेम चन्द्र सिंह, मुंशीगंज थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह व भारी पुलिस बल के साथ भीम आर्मी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार, सेक्टर प्रभारी अयोध्या बसपा राम अभिलाष बौद्ध, बसपा के जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार, बेसिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री राम सुमिरन के साथ बड़ी तादाद में ग्रामीण मौजूद रहे।