यूपी टी-20 लीग: आर्यन और ध्रुव जुरैल की तूफानी पारी से जीता गोरखपुर लायंस, नोएडा सुपरकिंग्स को दी मात
UP T-20 League: इकाना स्टेडियम में चल रही यूपी टी-20 लीग में सोमवार को गोरखपुर लायंस को बड़ी जीत मिली। इस जीत में आर्यन जुयाल और ध्रुव जुरैल की बड़ी भूमिका रही।
विस्तार
अटल बिहारी वाजापेयी इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोरखपुर लायंस को 37 रन के योग पर पहला झटका लगा, जब अभिषेक गोस्वामी 13 रन के निजी योग पर पीयूष चावला की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये आर्यन ने कप्तान ध्रुव के साथ माेर्चा संभाला और नोएडा के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। दोनों स्कोर को 184 रन तक ले गए। यहां ध्रुव जुरैल 46 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से पीयूष चावला का दूसरा शिकार बने।
इसके बाद आर्यन ने अपना शतक पूरा किया। वे 54 गेंदों पर 10 चौके और पांच छक्कों की मदद से 104 रन बनाकर नाबाद रहे। गोरखपुर ने 20 ओवर में दो विकेट खोकर 218 रन बनाए। दूसरे छोर पर अक्शदीप 22 रन बनाकर नाबाद रहे। नोएडा से चावला महंगे साबित हुए। उन्होंने 54 रन देकर दो विकेट लिए।
जवाब में 219 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा सुपरकिंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। तीन रन के योग पर शीर्षक्रम के तीन बललेबाज पवेलियन लौट गए। इस झटके से नोएडा की टीम उबर न सकी। मध्यक्रम में मो. शरीम (56) को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज टिकर नहीं खेल सका। देखते ही देखते पूरी टीम 17वें ओवर में 127 रन बनाकर आउट हो गई। गोरखपुर से शिवम शर्मा ने 24 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि अंकित राजपूत, सौरभ कुमार और विजय यादव दो-दो विकेट अपनी झोली में डालने में सफल रहे।
आयुष्मान, बादशाह और कृति सैनन ने लगाया ग्लैमर का तड़का
आयुष्मान, बादशाह और कृति सैनन की दमदार प्रस्तुतियों के बीच रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग का रविवार को धमाकेदार आगाज हुआ। आयुष्मान खुराना की दमदार डांस परफॉर्मेंस के बाद लाल ड्रेस में उतरे रैपर बादशाह का जलवा देखते ही बना।
तैनूं काला चश्मा जंचता है...गाते हुए बादशाह जैसे ही मैदान पर उतरे, स्टेडियम में बैठे दर्शक झूमने लगे। डीजे वाले बाबू मेरा गाना बजा दे... ने माहौल को रंगीन बना दिया। बीड़ी जलइले जिगर से पिया... पर अभिनेत्री कृति सैनन ने ठुमके लगाए तो पूरा स्टेडियम शोर से गूंज उठा। अपार शक्ति खुराना के संचालन ने भी दर्शकों का दिल जीता।
लीग का उद्धाटन बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने किया। इस मौके पर लीग के ब्रांड एंबेस्डर और पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, यूपीसीए के अध्यक्ष निधिपति सिंहानिया, यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डीएस चौहान समेत कई हस्तियां मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर यूपी टी-20 लीग की ट्रॉफी का अनावरण किया। लीग का हिस्सा बनने वाली सभी छह टीमों के कप्तानों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस मौके पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, यह लीग राज्य ही नहीं भारतीय क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नई प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेगी। यह लीग उत्तर प्रदेश में खेलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।