यूपी: रक्षाबंधन पर 50 लाख महिला यात्रियों-सहयात्रियों ने मुफ्त में की बस यात्रा, 59.33 करोड़ के टिकट जारी
Free travel during Rakhi:यूपी सरकार द्वारा आठ से दस अगस्त तक की रात तक रक्षाबंधन पर महिलाओं और सहयात्रियों को परिवहन निगम की बसों में छूट देने की घोषणा की गई थी।
विस्तार
रक्षाबंधन पर योगी सरकार की ओर से रोडवेज बसों में महिलाओं के साथ सहयात्री को भी निशुल्क सफर की सुविधा दी। इसके चलते सिर्फ दो दिनों में 50.33 लाख यात्रियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। जबकि रविवार के आंकड़े जारी होने बाकी हैं। इसे मिलाकर यह संख्या 75 लाख तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रदेश सरकार की ओर से रक्षाबंधन पर आठ अगस्त की सुबह छह बजे से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक बसों में मुफ्त सफर की सुविधा दी गई है। इसके तहत रोडवेज प्रशासन की ओर से रविवार को पिछले दो दिनों के आंकड़े जारी किए गए। रोडवेज के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने बताया कि बीते शुक्रवार को लखनऊ परिक्षेत्र के आठ बस अड्डों से कुल 141610 टिकट जारी किए गए, जो 16942688 रुपये के रहे। जबकि प्रदेशभर में 1920155 टिकट इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन ईटीएम से बनाए गए, जो 216445337 रुपये के रहे।
वहीं शनिवार को रक्षाबंधन पर लखनऊ परिक्षेत्र के आलमबाग, अवध, बाराबंकी, चारबाग, कैसरबाग, रायबरेली व उपनगरीय डिपो से कुल 234688 टिकट मशीन से जारी किए गए, जो 28946348 रुपये के रहे। वहीं प्रदेशभर में बसों के 3113329 टिकट जारी हुए, जो 376919053 रुपये के रहे। ऐसे में पिछले दो दिनों में 5033484 यात्रियों ने प्रदेशभर में रोडवेज बसों से यात्रा की। जबकि लखनऊ में यह संख्या 376298 रही। एमडी ने आगे बताया कि इनमें से 70 प्रतिशत यात्री महिलाएं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस अवधि में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाई गईं और सभी अनुबंधित बसों को भी ड्यूटी पर लगाया गया।
मिलेगी प्रोत्साहन राशि
प्रबंध निदेशक ने बताया कि चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन राशि देने की योजना लागू की गई है, जिसमें 1800 किमी बस चलाने पर 1200 रुपये व छह दिनों तक लगातार कार्य करने पर अतिरिक्त 0.55 प्रति किमी दिया जाएगा। तकनीकी कर्मचारियों को भी प्रतिदिन उपस्थित रहने पर एकमुश्त 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। संचालन व्यवस्था बेहतर बनाए रखने वाले कार्मिकों और पर्यवेक्षकों को भी 5000 रुपये प्रति स्टेशन के हिसाब से सम्मानित किया जाएगा।