साथी को बचा लिया, खुद डूब गए दो दोस्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
न्यू पारा कॉलोनी में रहने वाले 15 साल के अजीत और 12 साल के समीर अपने दोस्त कादिर की खातिर जान पर खेल गए। उन्होंने नहर में डूब रहे कादिर की जान तो बचा ली लेकिन संतुलन बिगड़ने के चलते खुद डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों के शव नहर से निकलवाए।
एसओ पारा ने बताया कि न्यू पारा कॉलोनी निवासी कारपेंटर मुनीम शर्मा का बेटा अजीत (15), पड़ोसी गुड्डू टेलर के बेटे समीर (12) के साथ क्रिकेट खेलने गया था। इसके बाद अजीत, समीर, मोइन, मोहिदीन, कादिर व तीन अन्य बच्चों ने नहर में नहाने का प्लान बनाया।
सभी बच्चे एक साथ नहर किनारे पहुंचे। कादिर और समीर सबसे सबसे पहले नहर में उतरे। इस दौरान अचानक कादिर संतुलन खो बैठा और तेज बहाव होने के चलते डूबने लगा।
यह देखकर समीर ने शोर मचाया। इस पर नहर किनारे खड़े अजीत ने भी छलांग लगा दी। समीर और अजीत ने मिलकर कादिर को नहर किनारे तक पहुंचाया। इसके बाद उनका पैर फिसल गया और दोनों डूब गए। साथियों ने घर पहुंचकर उनके परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिसकर्मियों और परिवारवालों की मौजूदगी में गोताखोरों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों के शव को ढूंढ निकाला। पुलिस ने शव कब्जे में लिया तो परिवारीजन उनसे उलझ गए। काफी नोकझोंक के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
दोनों बच्चों को नहीं आता था तैरना
जय अंबे मॉन्टेसरी में छठवीं का छात्र समीर के पिता गुड्डू टेलर ने देर शाम तक समीर की मौत की सूचना मां गुड़िया को नहीं दी। उसे बस यही पता था कि समीर नहाते समय घायल हो गया और अस्पताल में भर्ती है। वह समीर की सलामती की दुआ करती रही।
इसी तरह, मां भगवती इंटर कॉलेज में सातवीं के छात्र अजीत के घर पर भी कोहराम मचा रहा। अजीत के भाई सुनील, अनिल, मनीष और सतीश की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
परिवारीजनों ने बताया कि दोनों बच्चों को तैरना नहीं आता था। इसके बावजूद वहां अन्य बच्चों के साथ जोश में आकर नहर में नहाने उतर गए और हादसे का शिकार हो गए।
न्यू पारा कॉलोनी के पास नहर के आसपास सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। इस वजह से वहां अक्सर कोई न कोई हादसे का शिकार हो जाता है। बारिश के चलते नहर का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।
कादिर ने बताया कि ईद से पहले ही उन लोगों ने आज के दिन सलमान खान की फिल्म देखने की प्लान बनाया था। क्रिकेट मैच खेलने के बाद वह पिक्चर का टिकट लेने गए पर टिकट नहीं मिला। इसके बाद ही उन्होंने नहर में नहाने का प्लान बनाया।
नहर में तेज बहाव देखकर कुछ बच्चे डर गए। समीर और कादिर नहाने के लिए नहर में जाने लगे तो उनके साथ मौजूद मुदस्सिर ने बार-बार उन्हें रोका और नहाने के लिए मना किया। मोहसिन और मोइन ने भी रोका लेकिन समीर और कादिर नहीं माने। मुदस्सिर की बात अगर उन्होंने मान ली होती तो यह हादसा टल सकता था।