व्यापारी पति-पत्नी की दिलेरी से धरे गए बदमाश, हमला झेलने के बावजूद बदमाशों को सिखाया सबक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लूट के इरादे से पहुंचे बदमाशों ने अकबरपुर नगर की कृष्णानगर कॉलोनी में व्यापारी दंपती पर लोहे की राड से हमला कर घायल कर दिया। दोनों के सिर इससे फट गए। बदमाश उन दोनों की जान लेकर घटना को अंजाम देने के मूड में थे लेकिन व्यापारी दंपती की दिलेरी ने उनके मंसूबे कामयाब नहीं होने दिए।
व्यापारी द्वारा बचाव में लाइसेंसी पिस्टल से की गई फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया जबकि व्यापारी की पत्नी ने बदमाशों से लोहे की राड छीनकर उन पर हमला कर दिया। हो-हल्ला सुनकर उठे परिवारीजनों ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया। इसके बाद पहुंचे मोहल्ले वासियों ने दोनों बदमाशों को जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में पकड़े गए दोनों बदमाशों के साथ ही कई नामजद व अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
अकबरपुर नगर की कृष्णानगर कॉलोनी में शनिवार आधी रात के बाद लूट के इरादे से बदमाशों ने व्यापारी नेता एवं ईंट भट्ठा व्यवसायी जयराम संगवानी के घर धावा बोल दिया। रात दो बजे के करीब परिसर में घुसे दो बदमाशों ने मुख्य गेट का लाक तोड़ दिया। इसके बाद अंदर प्रवेश कर गए। वहां ग्राउंड फ्लोर के एक कक्ष में व्यापारी जयराम व उनकी पत्नी सोए हुए थे। दरवाजा अंदर से बंद होने की वजह से बदमाश इस कमरे से आगे बढ़ गए।
बदमाशों ने इसके बाद सीढ़ी से होकर फर्स्ट फ्लोर का रुख किया। वहां एक कक्ष में जयराम का पुत्र व्यापारी वैभव (27) तथा उनकी पत्नी वीनू (26) अपनी चार वर्ष की पुत्री नव्या तथा सात माह की पुत्री चारवी के साथ सो रहे थे। चारवी की तबीयत ठीक न होने तथा बार-बार कमरे से बाहर आने-जाने की जरूरत के चलते दंपती दरवाजे को अंदर से बंद करने के बजाय उसे चिपकाकर सो गए। वहां पहुंचे बदमाशों ने धीरे से दरवाजे को खोला। इसके बाद अंदर पहुंचते ही एक बदमाश ने लोहे की राड से वैभव के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। वैभव का सिर फट गया और तेजी से खून निकलने लगा।
आवाज सुनकर वीनू की नींद खुल गई। इसी बीच दूसरे बदमाश ने वीनू के सिर पर राड से हमला कर दिया। इसके बावजूद दोनों दंपती विचलित हुए बिना बदमाशों से जूझ पड़े। दंपती ने लोहे की राड पकड़ ली और अपनी तरफ खींचने लगे। इसी बीच एक बदमाश ने पिस्टल निकालने का प्रयास किया तब तक वैभव ने बिस्तर में रखी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली जबड़े में लगते ही बदमाश गिर पड़ा।
सब ने मिलकर बदमाशों को कब्जे में कर लिया
उधर वीनू ने दूसरे बदमाश से राड छीन लिया। इसी बीच आवाज सुनकर फर्स्ट फ्लोर पर ही सो रहे जयराम के दूसरे पुत्र सागर अपनी पत्नी काजल के साथ पहुंच गए। इन सब ने मिलकर बदमाशों को कब्जे में कर लिया। इसी दौरान जयराम भी पत्नी बबिता के साथ ऊपर तक आए तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए।
कुछ देर में ही सूचना पाकर मोहल्ले के लोग भी वहां पहुंच गए। नागरिकों ने दोनों बदमाशों की जमकर पिटाई की। इसके बाद बदमाशों को वहां पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें ट्रॉमा रेफर कर दिया गया। उनकी पहचान शुभम गुप्त निवासी समदा थाना गोशाईगंज जनपद अयोध्या तथा यहीं के अबुराजिल खान के रूप में हुई।
उधर परिवारीजनों ने वैभव व वीनू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां दोनों के सिर में कई टांके लगाने पड़े। पुलिस ने मामले में जयराम की तहरीर पर बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का जायजा लिया।