ट्रक ने मारी टक्कर, फंसकर 20 किलोमीटर तक घिसटती रही स्कूटी, सूचना के बाद भी सोती रही पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में दुबग्गा कानपुर बाइपास पर सोमवार रात स्कूटी सवार युवकों की गाली-गलौज से भड़के ट्रक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक बाल-बाल बच गए। हालांकि, उनकी स्कूटी ट्रक के निचले हिस्से में फंसकर करीब 20 किलोमीटर तक घिसटती चली गई।
इस बीच वायरलेस सेट से ट्रक को पकड़ने के लिए संदेश प्रसारित हुआ लेकिन पुलिस सोती रही। स्कूटी लेकर दौड़ते ट्रक को देखकर हड़कंप मच गया। पुलिस ने घेराबंदी की तो मलिहाबाद में चालक ने ट्रक को डिवाइडर से फंदा दिया जिससे स्कूटी निकल गई।
उधर, पुलिस ने हाइवे पर कई वाहन रुकवा दिए। बावजूद इसके ट्रक ने वाहनों को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने चालक को दबोचकर ट्रक जब्त कर लिया है। काकोरी थाना प्रभारी ओमप्रकाश रजक ने बताया कि सोमवार रात एक ट्रक दुबग्गा कानपुर बाइपास पर गलत तरीके से खड़ा था जिसकी वजह से जाम लग गया।
स्कूटी सवार दो युवक वहां आए और अपना वाहन ट्रक के सामने खड़ा कर दिया। युवकों में से एक बेगरिया निवासी भंडारी ने ट्रक चालक से जाम लगाने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। गालियां सुनकर ट्रक चालक भड़क गया।
भागने की कोशिश में कई वाहनों को मारी टक्कर
उसने स्कूटी सवार युवकों पर ट्रक चढ़ाने की धमकी दे डाली। इससे नाराज स्कूटी सवार युवकों ने पत्थर चलाने शुरू कर दिए। ट्रक चालक स्कूटी को टक्कर मारते हुए मौके से भाग निकला। युवकों ने किसी तरह कूदकर जान बचाई जबकि स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई।
स्कूटी लेकर हरदोई रोड पर भागते ट्रक को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में वायरलेस सेट से ट्रक को पकड़ने के लिए मेसेज प्रसारित किया गया। अंधे की चौकी होता हुआ ट्रक गुजर गया लेकिन पुलिस ने उसे रोकने या पकड़ने का प्रयास नहीं किया।
यहां से ट्रक आगे मलिहाबाद की तरफ बढ़ा जहां पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। सड़क पर बैरीकेडिंग देखकर चालक ने ट्रक को डिवाइडर से फंदा दिया। ट्रक हवा में उछला जिससे उसके नीचे फंसी स्कूटी निकल गई। स्कूटी के चिथड़े उड़ गए थे। उधर, ट्रक का चालक उलटी दिशा में वाहन लेकर दौड़ पड़ा।
रहीमाबाद में पुलिस ने बैरीकेडिंग लगा दी। इस बीच ट्रक वहां आ गया। भागने की कोशिश में ट्रक के चालक ने कई वाहनों को टक्कर मारी और कुछ दूर जाकर रुक गया। पुलिस ने ट्रक चालक को दबोच लिया। उसे काकोरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दुबग्गा कानपुर बाइपास से ट्रक चालक स्कूटी फंसाकर करीब 20 किलोमीटर तक दौड़ता रहा।