जहरीली शराब पीने से तीन की मौत, 26 भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुखपुरा थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में प्रधान पद के एक प्रत्याशी द्वारा बांटी गई जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो गई तथा एक युवक की आंख की रोशनी चली गई है। गांव के 26 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसमें से दो की हालत गंभीर है।
डीएम और एसपी ने अस्पताल और गांव में जाकर पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने इस मामले की मजिस्ट्रीयल जांच का निर्देश दिया है। शराब बीते बुधवार तथा गुरुवार की रात ग्रामीणों में बांटी गई थी।
धरहरा गांव में प्रधान पद के एक प्रत्याशी ने बुधवार और गुरुवार की रात मतदाताओं को लुभाने के लिए बाटी-चोखे की दावत दी थी। बाद में सभी को देसी शराब की बोतलें भी दी गईं। कुछ ने वहीं पी, जबकि कई बोतल साथ लेते गए।
गुरुवार की सुबह कुंदन प्रसाद गुप्ता (60), केशव बिंद (62) की हालत खराब हो गई। अभी घर वाले कुछ समझ पाते तब तक पहले केशव और फिर कुंदन की मौत हो गई। पहले तो लोगों ने इसे आम मौत समझा और शांत रहे। लेकिन शुक्रवार की देर शाम तबियत खराब होने पर रामगोविंद (58) को जिला अस्पताल लाया गया, शनिवार की सुबह उनकी मौत हो गई।
एक ने खोई आंख की रोशनी
इसके बाद एक एक कर गांव के 26 लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। तब लोगों को शराब के जहरीली होने का पता चला। अस्पताल में भर्ती लोगों में सुखपुरा थाने के धरहरा माफी निवासी सूर्यदेव (40), अशोक कुमार (38), राम प्रवेश (50), अनिल (20), अक्षय कुमार (25), राधेश्याम (40), पतिराम (35), अश्विनी चंद्र (26), जितेंद्र (35), सोनू (21), मनोज कुमार (22), श्रीभगवान (40), महेश (34), लालू (22), रामजी (45), राधा मोहन (32), अक्षय कुमार (32), राजनाथ (50), विजय शंकर (42), रामयश (40), छोटे लाल (40), अजय कुमार (19), विजय नारायण (70), परमेश्वर बिंद (55) और सुखपुरा थाना क्षेत्र के रजधर निवासी उमेश (36), राजेंद्र (38) शामिल हैं।
जिला अस्पताल में भर्ती सूर्यदेव की आंख की रोशनी गायब हो चुकी है। सूचना मिलने पर डीएम शरद कुमार सिंह और एसपी अनीस अहमद अंसारी, एएसपी केसी गोस्वामी सहित अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। बाद में डीएम और एसपी ने गांव में जाकर पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने रामगोविंद के शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
मामले पर बलिया के जिलाधिकारी शरद कुमार सिंह का कहना है कि धरहरा गांव में शराब पीने से हुई मौत की मजिस्ट्रेटी जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।