सपा के रजत जयंती समारोह में जुटेंगे ‘थर्ड फ्रंट’ के नेता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा के 5 नवंबर को होने वाले रजत जयंती समारोह में पुराने जनता दल परिवार के सभी प्रमुख नेताओं को आमंत्रित करने का फैसला किया गया है।
पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने बुधवार को अपने आवास पर समीक्षा बैठक करके इन नेताओं को न्योता देने की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को सौंपी।
करीब तीन घंटे चली बैठक में कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति, बर्खास्त मंत्री ओमप्रकाश सिंह और नारद राय के अलावा बदायूं के सांसद धर्मेंद्र यादव भी मौजूद रहे।
कुछ देर के लिए सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल ने भी इसमें भागीदारी की। शाम को वे अपने बेटे आदित्य यादव के साथ पुराने जनता दल परिवार के नेताओं को न्योता देने दिल्ली रवाना हो गए।
प्रत्येक बूथ तक पहुंचने की है कोशिश
सूत्रों के मुताबिक मुलायम ने बैठक में कहा कि रजत जयंती समारोह में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रयास रहे कि इस समारोह के बहाने हम प्रत्येक बूथ तक पहुंचें और वहां से लोग कार्यक्रम में शरीक होने राजधानी आएं।
इससे जहां हर बूथ पर सपा सरकार के काम पहुंचेंगे, वहीं आने वाले चुनाव के लिए माहौल भी बनेगा।
बैठक में तय हुआ कि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार और रालोद अध्यक्ष अजित सिंह समेत समाजवादी सोच रखने वाले सभी प्रमुख नेताओं को रजत जयंती समारोह में आने के लिए न्योता दिया जाएगा।
बैठक खत्म होने के बाद समारोह समिति के संयोजक गायत्री प्रसाद प्रजापति ने मीडिया को बताया कि नेताजी ने तैयारियों के बाबत समीक्षा की। कार्यक्रम में भागीदारी के लिए समान सोच रखने वाले देश भर के नेताओं को न्योता भेजा जा रहा है।