मौत की फैक्टरी का भंडाफोड़: लखनऊ में फिनायल और नमक से बन रहा था प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन; करोड़ों का माल बरामद
लखनऊ में एफएसडीए और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर प्रतिबंधित व नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाली अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से फिनायल व नमक से तैयार किया जा रहा घोल और करीब 2.05 करोड़ रुपये कीमत का तैयार माल व पैकिंग सामग्री बरामद की गई है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन के अवैध निर्माण और कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात छापेमारी कर नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाली अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। टीम ने करीब 2.05 करोड़ रुपये कीमत का ऑक्सीटोसिन, तैयार लिक्विड, एम्पुल, बोतलें और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
एसीपी शकील अहमद के अनुसार, छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन का तैयार माल और उसे बनाने का पूरा इंतजाम मिला। बरामदगी में 200 एमएल की 3,700 बोतलें, दो एमएल के 1,77,800 एम्पुल और 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन शामिल हैं। इसके अलावा आठ हजार खाली बोतलें, 48 हजार एल्युमिनियम ढक्कन, पांच हजार रबर कैप और सीलिंग मशीनें भी बरामद की गईं।
फिनायल, नमक और संदिग्ध पाउडर से तैयार हो रहा था घोल
एसीपी ने बताया कि जांच के दौरान फैक्टरी में ऑक्सीटोसिन तैयार करने के लिए इस्तेमाल की जा रही संदिग्ध सामग्री भी मिली। मौके से फिनायल के 12 केन, 36 किलोग्राम नमक और संदिग्ध पाउडर बरामद हुआ। आशंका है कि इन सामग्रियों को मिलाकर प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन के नाम पर घोल तैयार किया जा रहा था। बड़ी संख्या में खाली बोतलों, ढक्कनों और कैप की बरामदगी से बड़े पैमाने पर इसकी पैकिंग और आपूर्ति किए जाने की आशंका है।
दो आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच शुरू
एफएसडीए और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद सामग्री की कीमत करीब 2.05 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों की ओर से अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, निर्माण के स्रोत और तैयार माल की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन के अवैध निर्माण और बिक्री का यह मामला जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है। एफएसडीए और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
